पटना में पाइप और घूंसे से मार-मार कर युवक की हत्या, चोरी के शक में कांड
मामले में पीटीसी मुर्शीद आलम के आवेदन पर पाटलिपुत्र थाने में पांच नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों ने कानून हाथ में लेते हुए युवक की पिटाई की। जिससे उसकी मौत हो गई। लिहाजा आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत केस दर्ज किया गया है।

पाटलिपुत्र थाने के अल्पना मार्केट स्थित निर्माणाधीन मकान में रविवार तड़के घुसे युवक की कुछ लोगों ने चोरी के शक में जमकर पिटाई कर दी। प्लास्टिक की पाइप और लात घूंसे से 25 वर्षीय युवक को इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने निजी अस्पताल के पांच कर्मियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहचान के लिए शव को पीएमसीएच मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर-2 मो महिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि घटना की तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पाटलिपुत्र कॉलोनी के अल्पना मार्केट स्थित निजी अस्पताल से 50 मीटर की दूरी पर निर्माणाधीन मकान है। पुलिस के मुताबिक यह अस्पताल परिसर का एक्सटेंसन भवन है। रविवार तड़के करीब तीन बजे एक युवक निर्माणाधीन भवन में घुसा था। इसकी जानकारी मिलने पर सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। इसमें युवक को अंदरूनी चोटें लगीं और वह अचेत हो गया। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब पांच बजे इसकी सूचना डायल-112 को दी। जिसके बाद पाटलिपुत्र पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पीएमसीएच ले गई, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीटीसी के आवेदन पर पांच लोग नामजद
मामले में पीटीसी मुर्शीद आलम के आवेदन पर पाटलिपुत्र थाने में पांच नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों ने कानून हाथ में लेते हुए युवक की पिटाई की। जिससे उसकी मौत हो गई। लिहाजा आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपितों पर गैर इरादतन हत्या का केस
पुलिस जांच में पता चला कि पिटाई में अस्पताल के गार्ड और कर्मचारी शामिल थे। जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल के कर्मी प्रसन्न कुमार उर्फ सोनू (आनंदपुरी), सिक्योरिटी गार्ड कन्हैया यादव (पौथू, थाना इटाढ़, औरंगाबाद) व उमेश प्रसाद (एकौना, थाना भगवानगंज, वर्तमान में बांस कोठी), चालक संतोष प्रसाद, (शेरथुआ, थाना मखदुमपुर, जहानाबाद) और रामनिवास सिंह, (टेकारी, थाना किंजर, अरवल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में युवक मकान में घुसता दिख रहा है।




साइन इन