बिहार में अब 8 मार्च को मनेगा महिला रोजगार दिवस, क्या होंगे कार्यक्रम; जानें
ग्रामीण विकास विभाग के इस कार्यक्रम के तहत विभागीय मंत्री श्रवण कुमार नालंदा में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करेंगे। श्रवण कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद महिला सशक्तीकरण को लेकर कई कार्य किए गए।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को राज्य में महिला रोजगार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत आठ मार्च को सभी जिला मुख्यालयों पर रोजगार उत्सव के रूप में कार्यक्रम होंगे। महिला उद्यमी-जीविका दीदी बड़ी संख्या में मौजूद होंगी, जहां महिला रोजगार, उसकी प्रगति को लेकर चर्चा की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग के इस कार्यक्रम के तहत विभागीय मंत्री श्रवण कुमार नालंदा में महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करेंगे। श्रवण कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद महिला सशक्तीकरण को लेकर कई कार्य किए गए।
इसमें वर्ष 2006 में विश्व बैंक से ऋण लेकर राज्य में स्वयं सहायता समूह के रूप में जीविका का गठन किया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 11 लाख 82 हजार स्वयं सहायता समूह गठित हो चुका है। जीविका समूह से जुड़ीं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10-10 हजार दिये गए हैं। समीक्षा के बाद उनके कारोबार की उन्नति के लिए सरकार पुनः दो लाख तक की आर्थिक सहायता देगी।
ग्रामीण विकास मंत्री का कहना है कि रोजगार के लिए खातों में भेजी गई राशि से जिन महिलाओं ने खुद का रोजगार शुरू कर लिया है, समीक्षा के बाद उनके कारोबार की उन्नति के लिए सरकार पुनः दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने कहा कि देश में बिहार ऐसा एक राज्य है जहां महात्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन से आधी आबादी तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर अपना पांव बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में क्या होगा
● कार्यक्रम में महिला उद्यमी अपना अनुभव साझा करेंगी
● दो लाख रुपये सहायता लेने से संबंधित जानकारी दी जाएगी
● बेहतर रोजगार के लिए विशेषज्ञ आवश्यक टिप्स देंगे
● महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी
महिलाओं के खाते में कब-कब भेजे गए 10-10 हजार
● 26 सितंबर 2025 : 75 लाख को 7500 करोड़
● 03 अक्तूबर 2025 : 25 लाख को 2500 करोड़
● 06 अक्तूबर 2025 : 21 लाख को 2100 करोड़
● 24 अक्तूबर 2025 : 25 लाख को 2500 करोड़
● 28 नवंबर 2025 : 10 लाख को 1000 करोड़
● 16 फरवरी 2026 : 25 लाख को 2500 करोड़




साइन इन