Lalu Yadav arrived Patna wearing black cap sunglasses with daughter Misa Bharti Tejashwi seen with them काली टोपी, काला चश्मा; बेटी मीसा भारती संग पटना पहुंचे लालू यादव, तेजस्वी नहीं दिखे साथ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

काली टोपी, काला चश्मा; बेटी मीसा भारती संग पटना पहुंचे लालू यादव, तेजस्वी नहीं दिखे साथ

लैंड फॉर जॉब मामले में कोर्ट से आरोप तय होने के बाद आरजेडी सुप्रीमो शनिवार को दिल्ली से पटना पहुंच गए। दिल्ली में उनकी आंखों का ऑपरेशन हुआ था। पटना एयरपोर्ट पर लालू के साथ बेटी मीसा भारती नजर आईं, लेकिन बेटे तेजस्वी यादव नहीं दिखे।

Sat, 10 Jan 2026 05:07 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
काली टोपी, काला चश्मा; बेटी मीसा भारती संग पटना पहुंचे लालू यादव, तेजस्वी नहीं दिखे साथ

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली से पटना पहुंच गए हैं। लैंड फॉर जॉब घोटाला में सीबीआई स्पेशल कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के अगले दिन शनिवार को लालू अपनी सांसद बेटी मीसा भारती के साथ पटना पहुंचे। एयरपोर्ट से निकलते समय उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी। लालू ने सिर पर काली ऊनी टोपी, काला जैकेट पहने रखा हुआ था। आंखों पर उन्होंने काला चश्मा भी लगाया हुआ था। वे व्हीलचेयर पर बैठकर एयरपोर्ट से बाहर निकले। इस दौरान बेटे तेजस्वी यादव उनके साथ नहीं नजर आए।

पटना एयरपोर्ट से बाहर आते समय पत्रकारों ने लालू यादव एवं मीसा भारती से सवाल किए, मगर दोनों बिना कोई जवाब दिए अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए। दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने रेलवे में नौकरी के बदले जमीन देने के मामले में लालू परिवार के सदस्यों और अन्य 41 लोगों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश शुक्रवार को दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लैंड फॉर जॉब में लालू-राबड़ी पर आरोप तय; तेजस्वी, मीसा, तेज, हेमा पर भी चार्ज

अब लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेज प्रताप एवं तेजस्वी यादव, बेटी मीसा भारती एवं हेमा यादव समेत अन्य पर मुकदमा चलेगा। शुक्रवार को दिल्ली की अदालत में तेजस्वी, तेज प्रताप और मीसा समेत अन्य आरोपी पेश हुए थे। हालांकि, स्वास्थ्य कारणों के चलते लालू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे।

दिल्ली में लालू का हुआ ऑपरेशन

लालू यादव पिछले महीने पटना से दिल्ली गए थे। वहां उनकी आंखों की सर्जरी हुई थी। इसके बाद वे बेटी मीसा भारती के दिल्ली आवास पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। लगभग 25 दिनों के बाद वे पुनः पटना लौटे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कोर्ट में सामने आए लालू के लाल,तेजस्वी पर तेज प्रताप को आया गुस्सा; मीसा खामोश

तेजस्वी का पटना में इंतजार

लालू के बेटे एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव फिलहाल पटना नहीं लौटे हैं। पिछले दिनों विदेश दौरे से लौटने के बाद से वे दिल्ली में ही हैं। हालांकि, बीच में वे उत्तराखंड में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। आरजेडी के नेता एवं कार्यकर्ता उनके पटना लौटने का इंतजार कर रहे हैं। लालू के बड़े बेटे एवं जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी शुक्रवार को दिल्ली से पटना पहुंच गए।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।