गर्लफ्रेंड पर करोड़ों लुटाने वाले किशनगंज SDPO गौतम कुमार को पद से हटाया, ईओयू ने मारा था छापा
किशनगंज के एसडीपीओ-1 गौतम कुमार को पद से हटा दिया गया है। अगले आदेश तक उन्हें पुलिस मुख्यालय में रहने को कहा गया है। ईओयू की छापेमारी में गौतम कुमार के ठिकानों से करोड़ों की संपत्ति के सबूत मिले। इन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड पर भी जमकर पैसे लुटाए।

किशनगंज के सदर एसडीपीओ-1 गौतम कुमार को पद से हटा दिया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को इस संबंध में पत्र जारी कर दिया। गौतम को पुलिस मुख्यालय में योगदान करने को कहा गया है। उनकी जगह पर एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह को किशनगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मंगलवार को गौतम कुमार के आधा दर्जन ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने छापेमारी की थी। इसमें आय से अधिक अर्जित की गई अकूत संपत्ति का पता चला था।
साल 2023 से गौतम कुमार बतौर एसडीपीओ किशनगंज में पदस्थापित थे। आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने 1 करोड़ 94 लाख से अधिक आय की संपत्ति मिलने पर उनके किशनगंज ,पूर्णिया, सिलीगुड़ी, पटना के ठिकानों पर मंगलवार को एक साथ छापेमारी की। रेड में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
एसडीपीओ गौतम कुमार की पत्नी और गर्लफ्रेंड के नाम पर 25 से अधिक जमीनों के दस्तावेज, क्रेटा-थार जैसी गाड़ियों के कागजात, कैश, जेवरात आदि पाए गए। एक पुलिस अफसर के पास इतनी संपत्ति देख छापेमारी टीम भी दंग रह गई।
गर्लफ्रेंड पर करोड़ों लुटाए
एसडीपीओ गौतम कुमार ने अपनी गर्लफ्रेंड पर भी जमकर पैसे लुटाए। पूर्णिया स्थित उनकी कथित प्रेमिका के घर पर ईओयू की डीएसपी माधुरी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में करीब 60 लाख रुपये की तो सिर्फ ज्वेलरी मिली। इसके अलावा, 7 जमीन के डीड और एसडीपीओ के नाम से जुड़े लेन-देन सहित ज्वेलरी के कागजात सहित अन्य अहम दस्तावेज बरामद किए गए। मिली जानकारी के अनुसार एसडीपीओ वन गौतम ने प्रेमिका को पूर्णिया में आलीशान मकान बना कर दिया है।
किशनगंज में तैनात एसडीपीओ (वन) गौतम कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू ) की बड़ी कार्रवाई में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पटना से आई 36 सदस्यीय टीम ने मंगलवार को एक साथ किशनगंज, पूर्णिया और पटना स्थित उनके 6 ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें करोड़ों रुपये की अवैध कमाई, निवेश और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पटना से आई 12 सदस्यीय टीम ने मंगलवार को किशनगंज में गौतम कुमार के कार्यालय एवं सरकारी आवास में घंटों की छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एसडीपीओ के किशनगंज स्थित सरकारी आवास और कार्यालय से आधा दर्जन मोबाइल फोन, डेढ़ लाख रुपये नकद, दो दर्जन से अधिक जमीन के रजिस्ट्री पेपर, डीड, नर्सिंग होम का नक्शा और करोड़ों के निवेश से जुड़े कागजात जब्त किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक इन मोबाइल फोन में अवैध लेन-देन और काले धंधों से जुड़े कई राज छिपे हुए हैं, जिनकी जांच जारी है। इस कार्रवाई के दौरान दो दर्जन से अधिक अलग-अलग जमीन के रजिस्ट्री पेपर, डीड सहित अन्य कागजात के अलावा कैश, 6 मोबाइल, नर्सिंग होम का नक्शा सहित करोड़ों के इन्वेस्टमेंट से जुड़े सहित अवैध लेन देन से जुड़े सबूत व कागजात जब्त किए गए हैं।
छापेमारी में यह भी सामने आया कि गौतम कुमार द्वारा अवैध कमाई को बड़े पैमाने पर संपत्तियों में निवेश किया गया था। सिलीगुड़ी में टी-स्टेट, नोएडा में फ्लैट और पटना में हाईक्लास नर्सिंग होम के निर्माण से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पूर्णिया के इंदिरा नगर में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बने चार मंजिला मकान सहित कई संपत्तियों के कागजात भी जब्त किए गए हैं।
(किशनगंज से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट के आधार पर)




साइन इन