खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड की पिटाई; सस्ती फीस पर बवाल?
पटना वाले खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग हुई है। कोचिंग सेंटर के एक गार्ड की भी पिटाई कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खान सर ने बगल के एक कोचिंग संचालक पर हमले का आरोप लगाया है।

बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग हुई है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार खान सर के मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर हमला किया गया। पिटाई में एक गार्ड के घायल होने की सूचना है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, इस घटना के बाद से मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। खान सर ने आरोप लगाया है कि कोचिंग माफिया ने सस्ती फीस पर कोचिंग पढ़ाने को लेकर बवाल किया है।
खान सर ने अपने पास में स्थित के एक कोचिंग सेंचर के संचालक पर फायरिंग और मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह सस्ती फीस में बच्चों को पढ़ा रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्व वहां आए और कहने लगे कि सस्ते फीस में क्यों पढ़ा रहे हैं। इतना बढ़िया रिजल्ट आने से वे तमतमा गए। हमलावरों ने दो दिन के अंदर कोचिंग सेंटर को उड़ाने की धमकी भी दी।
खान सर ने मांगी सुरक्षा
खान सर ने कहा कि उनके कोचिंग सेंटर पर गोलीबारी की गई, ऑफिस में तोड़फोड़ की गई। गार्ड की पिटाई कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार भी लगाई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। कई थानों की टीम को बुलाया गया है।
एसएसपी भी पहुंचे
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह मारपीट का मामला है। एक गार्ड घायल हुआ है। उसका बयान लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की रही है।
कौन हैं खान सर?
बता दें कि खान सर देश भर में चर्चित शिक्षक हैं। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। पटना में लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को कोचिंग पढ़ाते हैं। उनका खान जीएस रिसर्च सेंटर नाम से कोचिंग सेंटर है। साथ ही यूट्यूब पर भी उनके लाखों सब्सक्राइबर हैं।
खान सर सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स समेत अन्य विषयों को सरल और मनोरंजक तरीके से पढ़ाने के लिए चर्चित रहते हैं। उनका कहना है कि वह महंगी कोचिंग भी गरीब बच्चों को कम फीस में मुहैया कराते हैं। खान सर ने पिछले साल ही गुप्त तरीके से शादी की थी। फिर पटना में उन्होंने भव्य रिसेप्शन पार्टी भी दी थी। उनकी पत्नी का नाम एएस खान है।




साइन इन