Khan sir coaching centre could face closure failed in fire safety standards Khan Sir FIR News: खान सर का कोचिंग सेंटर होगा बंद? फायर सेफ्टी में भी लापरवाही, 15 दिनों की मोहलत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Khan Sir FIR News: खान सर का कोचिंग सेंटर होगा बंद? फायर सेफ्टी में भी लापरवाही, 15 दिनों की मोहलत

Khan Sir FIR News: अब पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट में फायर सेफ्टी को लेकर बड़ी लापरवाही अब सामने आ चुकी है और प्रशासन ने उन्हें महज 15 दिनों की मोहलत दी है। 

Sun, 7 June 2026 08:30 AMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Khan Sir FIR News: खान सर का कोचिंग सेंटर होगा बंद? फायर सेफ्टी में भी लापरवाही, 15 दिनों की मोहलत

Khan Sir FIR News: तो क्या अब पटना में खान सर का कोचिंग सेंटर बंद हो जाएगा? खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट पर FIR दर्ज होने के बाद से लापता फैजल खान के कोचिंग सेंटर पर बंद होने की तलवार अब लटकने लगी है। दरअसल खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट में हाल ही फायर सेफ्टी के नियमों का घोर उल्लंघन पाया गया है। बिहार फायर सर्विस के डीआईजी मनोज कुमार नट ने कहा है कि खान सर के कोचिंग सेंटर अग्निशमन मानकों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया है और अगर 15 दिनों के अंदर कोचिंग संस्थान सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो इंस्टीच्यूट को बंद करने की कार्रवाई की जा सकती है।

डीआईजी ने बताया है कि फायर सेफ्टी को लेकर कोचिंग संस्थानों पर भी विशेष नजर है। खान ग्लोबल स्टडीज में अग्निशमन मानकों का उल्लंघन के सवालों पर उन्होंने बताया कि उन्हें भी नोटिस दिया जा चुका है। पूर्व में एसडीओ के साथ मिलकर जांच की गई थी। उस दौरान भी ऑडिट में कई सारी लापरवाही पाई गई थी। अगर नोटिस के बाद भी मानकों को पूरा नहीं किया गया तो इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पुलिस की तारीफ की, सहयोग करेंगे भी बोला, फिर FIR के बाद कहां लापता हो गए खान सर?

दरअसल देश की राजधानी दिल्ली और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भीषण अग्निकांडों के बाद अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है। विभाग ने फायर सेफ्टी की अनदेखी करने वाले राजधानी पटना के पांच अस्पताल और तीन होटल सील करने का आदेश दिया है। इनमें कंकड़बाग का एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, राजेंद्र नगर का आरोग्य वरदान अस्पताल एवं पिनाकल अस्पताल, अशोक नगर का श्यामा ट्रस्ट एंड रिसर्च एंड अस्पताल और एपेक्स अस्पताल शामिल हैं।

खान सर पर केस हुआ है दर्ज

बता दे कि राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज के मुख्य द्वार के पास पिछले 02 जून को हुई कथित फायरिंग मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से खान सर लापता है। इस मामले में फायरिंग करने वाले खान सर के दो बॉडीगार्ड पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। खान सर पर भी गैर जमानतीय धाराओं में केस दर्ज है। दरअसल कोचिंग सेंटर पर मारपीट और तोड़फोड़ के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि छात्रों से कम फीस लेने की वजह से कुछ कोचिंग सेंटर के मालिक उन्हें धमकी दे रहे थे और यह तोड़फोड़ उसी का परिणाम है। खान सर ने ज्ञान बिंदू जी.एस. एकेमडी पर हमले का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में ज्ञान बिंदू के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार भी कर लिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में मानसून कब आएगा, आज कहां होगी बारिश और कहां गर्मी का कहर

हालांकि, बाद में इस पूरे विवाद में ट्विस्ट तब आया जब ज्ञान बिंदू की तरफ से घटना के दिन का वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में खान सर के दो बॉडीगार्ड उस दिन फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर पर दबिश दी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों बॉडीगार्डों को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस के सामने कबूल किया था कि उन्होंने फैजल खान के कहने पर फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर पर केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद से पुलिस खान सर की राह देख रही है लेकिन उनके वकीलों का कहना है कि वो जल्द ही कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर करेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।