विक्रमशिला सेतु के बाद अब बिहार में एक और पुलिया धंसी, 6 लोग मलबे में दबे; हड़कंप
पुलिया पर बैठकर लोग बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुलिया दो हिस्सों में टूटकर नीचे गिर पड़ी। जिससे पुलिया पर बैठे लोग मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने बांस से मलबा हटा दबे लोगों को बाहर निकालकर पीएचसी में भर्ती कराया।

अभी कुछ ही दिनों पहले बिहार के भागलपुर जिले में विक्रमशिला सेतु के ढहने की खबर सामने आई थी। अब राज्य में एक औऱ पुलिया धंसने की घटना हुई है। इस बार पटना से सटे बाढ़ में पुलिया धंसी है। दुखद बात यह भी है कि घटना के वक्त करीब 6 लोग पुलिया पर बैठे थे और सभी छह लोग पुलिया के मलबे में धंस गए। बताया जा रहा है कि बाढ़ में बेलछी प्रखंड के दल्लोचक गांव में बुधवार की सुबह जल निकासी के लिए बनाई गई जर्जर पुलिया अचानक धराशायी हो गई। पुलिया पर बैठे छह युवक मलबे में दबकर घायल हो गए।
घायलों में आर्यन कुमार, अभिमन्यु कुमार, पिंटू कुमार, सौरभ कुमार, गौरव व अन्य शामिल हैं। सभी को सकसोहरा पीएचसी में भर्ती कराया गया है। घायलों की उम्र 18 से 20 वर्ष के करीब है।सकसोहरा की अंदौली दरवेशपुरा पंचायत के दल्लोचक गांव में पुलिया पर बैठकर लोग बात कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पुलिया दो हिस्सों में टूटकर नीचे गिर पड़ी। जिससे पुलिया पर बैठे लोग मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने बांस से मलबा हटा दबे लोगों को बाहर निकालकर पीएचसी में भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि 15 साल पहले गांव से पानी निकासी के लिए पुलिया का निर्माण कराया गया था। लेकिन मरम्मत के अभाव में पुलिया जर्जर हो गई थी। लोगों ने पुलिया निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। सकसोहरा पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच जांच की। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों को भर्ती कराया गया है।
विक्रमशिला सेतु टूटने से मचा था हड़कंप
भागलपुर जिले में स्थित लगभग 4.7 किलोमीटर लंबे विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा बीते ध्वस्त हो गया था। यह सेतु भागलपुर और नवगछिया के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में कार्य करता है। उस वक्त भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया था कि बीते रविवार की रात करीब 12:50 बजे विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 133 के पास दो स्लैब के बीच दरार बन गई। इसके कुछ ही देर बाद एक बड़ा स्लैब नदी में गिर गया।
हादसे के बाद पुल के नवगछिया और भागलपुर दोनों ओर यातायात रोक दिया गया था। इस घटना के बाद राजद विधायक और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार सरकार को घेरा था। इधर घटना के बाद खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हवाई सर्वेक्षण कर पुल का जायजा लिया था। तीन महीने के अंदर इस पुल की मरम्मती के आदेश दिए गए थे। पुल ढहने की घटना की जांच के लिए टीम भी बनाई गई थी।




साइन इन