15 सीट नहीं मिली तो HAM चुनाव ही नहीं लड़ेगी; BJP, JDU को जीतनराम मांझी की सीधी धमकी
जीतनराम मांझी ने भाजपा और जेडीयू को धमकी देते हुए कहा है कि अगर 15 सीट नहीं मिल तो उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव ही नहीं लड़ेगी। मांझी 15 सीट को करो या मरो बता चुके हैं और यह भी कहा था कि 15 नहीं मिला तो 100 सीट लड़ जाएंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन शुरू होने से दो दिन पहले हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा है कि अगर उनको 15 सीटें नहीं मिलती हैं तो उनकी पार्टी चुनाव ही नहीं लड़ेगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के दोनों प्रमुख दल जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को मांझी ने अब सीधी धमकी दे दी है। जीतनराम मांझी लगातार 15 सीट मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि उनकी पार्टी को प्रांतीय दल की मान्यता दिलाना उनके लिए करो या मरो का सवाल बन गया है। मांझी ने पहले ही 15 सीट को करो या मरो बता रखा है और कहा था कि 15 सीटें नहीं मिलती है तो उनकी पार्टी 100 सीटों पर लड़ जाएगी।
जीतनराम मांझी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा- “पहले मैंने कहा है। हमारा कोई डिमांड नहीं है। हम एक तरह से उनलोगों से अनुरोध कर रहे हैं। अभी तक हम निबंधित पार्टी के नाम पर बेइज्जत हो रहे हैं। हर कदम पर आपको, एनडीए को मदद किए हैं। क्या हमको आप बेइज्जत होते रहते देखना चाहते हैं क्या। अगर नहीं चाहते हैं तो हमारा जैसा 60 परसेंट स्कोरिंग रेट है, 7 में 4 जीते थे तो आप 15 दे दीजिए, 7-8 जीत जाएंगे। हमारा मान्यता प्राप्त सीट (दर्जा) मिल जाएगी। यही तो मांग है। इसमें विरोध का कोई मामला नहीं है।”
एनडीए में 15 सीटों की 'भीख' मांग रहे जीतनराम मांझी, बोले- इस बार करो या मरो है
मांझी से जब 15 सीट नहीं मिलने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- “लास्ट में हमने यही कहा है कि अगर नहीं वैसा होगा तो हम नहीं चुनाव लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि इससे कोई खराब मैसेज नहीं जाएगा। एनडीए में सीट बंटवारे पर लोक जनशक्ति पार्टी - रामविलास (एलजेपी-आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सुबह ही कहा था कि अभी बातचीत शुरू हुई है। मांझी ने भी परसों रात कहा था कि अभी बात नहीं हुई है।
15 सीट नहीं मिली तो अकेले 100 पर लड़ेंगे; जीतनराम मांझी ने बढ़ाया बीजेपी और जेडीयू पर प्रेशर
बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े और चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान बीते दो दिनों में चिराग और मांझी के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से मिले हैं। माना जा रहा है कि भाजपा के नेता चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की डिमांड को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और भाजपा नेतृत्व से चर्चा के बाद नया ऑफर लेकर जाएंगे।




साइन इन