Jitan Ram Manjhi attacked with stones while giving speech earlier received threat केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर हमला, मंच पर भाषण के दौरान फेंके गए पत्थर; मिल चुकी है धमकी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर हमला, मंच पर भाषण के दौरान फेंके गए पत्थर; मिल चुकी है धमकी

केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर गयाजी जिले के खिजरसराय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्थरबाजी की गई। मांझी जब भाषण दे रहे थे तब उनको निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए। उन्हें पहले भी हमले की धमकी मिल चुकी है। 

Fri, 22 May 2026 09:44 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, नीचमक बथानी (गयाजी)
share
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर हमला, मंच पर भाषण के दौरान फेंके गए पत्थर; मिल चुकी है धमकी

केंद्रीय मंत्री एवं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी पर हमला हुआ है। बिहार के गयाजी जिले में एक कार्यक्रम में पहुंचे मांझी पर असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंक दिए। बताया जा रहा है कि वह खिजरसराय में शुक्रवार की शाम को एक निजी स्कूल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। तभी उन पर पत्थरबाजी की गई। पत्थर केंद्रीय मंत्री के ठीक पास में गिरे, इससे वह बाल-बाल बच गए। उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। मांझी को पहले भी हमले की धमकी मिल चुकी है। पिछले दिनों उनकी समधन एवं हम विधायक ज्योति देवी पर भी हमला हुआ था।

खिजरसराय में शुक्रवार शाम कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे नीमचक बथानी डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह और एसडीओ केशव आनंद ने केंद्रीय मंत्री पर पत्थर फेंकने वाले लड़कों से पूछताछ की। हालांकि, उन्होंने मांझी पर पत्थर क्यों फेंके, इसकी जानकारी नहीं दी है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

केंद्रीय मंत्री पर पत्थरबाजी की घटना से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर कई थानों की पुलिस घटनास्थल पहुंची। थोड़ी देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अभी समधिनिया पर... केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी

मांझी क्या बोले?

इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जीतनराम मांझी ने कहा कि क्या आया क्या गया हम नहीं देखे। कुछ लोग अच्छा काम नहीं होने देना चाहते हैं। वहीं ऐसा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि पत्थर बहुत दूर से फेंके गए थे।

समधन के साथ दुर्व्यवहार

बीते रविवार को केंद्रीय मंत्री मांझी की समधन एवं गयाजी जिले के बाराचट्टी से हम की विधायक ज्योति मांझी पर कथित तौर पर हमला हुआ था। गंभीरा गांव के पास असामाजिक तत्वों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और सुरक्षाकर्मियों से आरोपियों की हाथापाई भी हुई। बताया जा रहा है कि सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ने की भी कोशिश की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जीतन राम मांझी की समधन ज्योति देवी से दुर्व्यवहार, सुरक्षाकर्मियों से हाथापाई

मांझी को धमकी देने वाला गिरफ्तार

इसके बाद जीतनराम मांझी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वीडियो जारी कर हमला करने की खुली धमकी दी गई। वीडियो में आरोपी ने केंद्रीय मंत्री को निशाना बनाते हुए भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। गयाजी साइबर थाना की पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम राजेश राव उर्फ सरदार बताय जा रहा है। वह नालंदा जिले के लहेरीसराय थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी को धमकी देने वाला आरोपित सरदार गिरफ्तार
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।