बिहार में झारखंड पुलिस के हवलदार की बेरहमी से हत्या; सोते वक्त गला रेता, अंगूठा भी काटा
भोजपुर जिले के भगवतपुर गांव में झारखंड पुलिस के हवलदार की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना को अपराधियों ने सोते वक्त अंजाम दिया। अपराधियों ने पशुपति नाथ का अंगूठा भी काट दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में शुक्रवार की रात घर में सो रहे झारखंड पुलिस के हवलदार की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनके गर्दन, हाथ और सीने सहित शरीर के कई हिस्सों पर भी गहरे जख्म के निशान पाये गये हैं। दाहिने हाथ का अंगूठा भी कटा मिला है। शनिवार की सुबह करीब चार बजे परिजन जगाने पहुंचे, तो वे एक कमरे में पलंग पर खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले।
मृत हवलदार भगवतपुर गांव निवासी गांव निवासी स्व. राम सुरेश तिवारी के 58 वर्षीय पुत्र पशुपति नाथ तिवारी थे। वे झारखंड पुलिस में चालक हवलदार थे और फिलहाल हजारीबाग में पीसीआर(पुलिस कंट्रोल रूम) में कार्यरत थे। घर में चोरी की सूचना पर रविवार को वे छुट्टी लेकर पत्नी के साथ गांव आये थे। हालांकि हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों की ओर से किसी से दुश्मनी या विवाद से इनकार किया जा रहा है। किसी पर संदेह भी नहीं जताया गया है।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक राज की ओर से हत्याकांड के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम गठित कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर घटना में शामिल अपराधियों की पहचान एवं धरपकड़ में जुटी है। हत्या के कारणों को लेकर भी अनुसंधान किया जा रहा है।




साइन इन