सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में आएंगे? संजय झा ने सबकुछ कर दिया क्लीयर
अटकलें तो यहां तक लगाई जा रही थीं कि निशांत इस बार बिहार चुनाव लड़ सकते हैं और जदयू के कुछ नेताओं ने उन्हें अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऑफर भी दिया था। निशांत कुमार के पक्ष में पटना में पोस्टबाजी भी खूब हुई थी।

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। पिछले कई दिनों से यह कयास लगाए जा रहे थे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत जल्द ही राजनीति में कदम रख सकते हैं। अटकलें तो यहां तक लगाई जा रही थीं कि निशांत इस बार बिहार चुनाव लड़ सकते हैं और जदयू के कुछ नेताओं ने उन्हें अपने क्षेत्र से चुनाव लड़ने का ऑफर भी दिया था। निशांत कुमार के पक्ष में पटना में पोस्टबाजी भी खूब हुई थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने के मामले पर फिलहाल ब्रेक लग गया है।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू0 के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार राजनीति में नहीं आएंगे। बुधवार को एक डिजिटल चैनल से बातचीत में संजय झा ने कहा कि अभी ऐसा कोई विचार नहीं है।
डिजिटल चैनल 'बिहार तक' के साथ बातचीत में संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार फिलहाल सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में ही अगला चुनाव लड़ा जाएगा। आपको बता दें कि जेडीयू विधायक गोपाल मंडल इससे पहले खुले तौर पर कह चुके हैं कि निशांत को पार्टी में आना चाहिए नहीं तो जदयू में भगदड़ मच जाएघी। गोपाल मंडल ने यह भी कहा था कि निशांत के आने से ही पार्टी बची रहेगी।
इसके अलावा अभी हाल ही में निशांत कुमार को बिहार का भविष्य बताते हुए जदयू कार्यालय के बाहर पोस्टर भी लगाए गए थे। इस पोस्टर में लिखा गया था, ‘ईमानदारी और जनसेवा की नई पीढ़ी। जनसेवा की विरासत अब आगे बढ़ेगी। विकास पुरुष का बेटा, बिहार का भविष्य- निशांत कुमार। जननायक कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा और नीतीश कुमार जी की कार्यशैली के वारिस- निशांत कुमार।’




साइन इन