JDU supporters gathering at CM House Patna ahead of likely Nitish Kumar Rajya Sabha nomination Nishant entry to party होली खराब कर दिया, 25 से 30 नीतीश पर वोट आया; राज्यसभा नामांकन से पहले जुटने लगे JDU वाले, Bihar Hindi News - Hindustan
More

होली खराब कर दिया, 25 से 30 नीतीश पर वोट आया; राज्यसभा नामांकन से पहले जुटने लगे JDU वाले

Nitish Kumar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव में नामांकन की अटकलों के बीच पटना में सीएम आवास पर जेडीयू के कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया है। जदयू वाले कह रहे हैं कि वोट 25 से 30 नीतीश पर आया था, बीच में छोड़ने के लिए नहीं।

Thu, 5 March 2026 11:02 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
होली खराब कर दिया, 25 से 30 नीतीश पर वोट आया; राज्यसभा नामांकन से पहले जुटने लगे JDU वाले

बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के सीएम की कुर्सी छोड़कर राज्यसभा जाने की खबरों के बीच जेडीयू के कार्यकर्ताओं का पटना में सीएम आवास पर जुटान शुरू हो गया है। सीएम आवास पर जुटे जदयू और नीतीश के समर्थक कह रहे हैं कि नीतीश को मुख्यमंत्री पद पर बने रहना चाहिए और कार्यकर्ता नहीं चाहते हैं कि वो राज्यसभा जाएं। जदयू के लोगों का कहना है कि नीतीश को सीएम रहना चाहिए और बेटे निशांत कुमार को राज्यसभा भेजना चाहिए। जेडीयू नेता राजीव रंजन पटेल ने कहा कि इस खबर ने कल उन लोगों की होली खराब कर दी। पटेल ने कहा कि जनादेश 25 से 30 नीतीश के लिए था, महिलाओं ने बड़ी संख्या में नीतीश के नाम पर वोट दिया था, बीच में छोड़ने के लिए नहीं।

सीएम आवास के बाहर दर्जन भर कार्यकर्ताओं के साथ नीतीश के समर्थन में नारेबाजी कर रहे पटेल ने दावा किया कि राज्य भर से कार्यकर्ता आ रहे हैं। रात से ही लोग निकल चुके हैं। हुजूम आ रहा है। सब चाहते हैं नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहें। पटेन ने कहा- “बिहार की जनता रो रही है। किसी ने कल होली नहीं मनाया है। हजारों कार्यकर्ता रो रहे हैं। हमने घर-घर जाकर नीतीश के लिए वोट मांगा था। नीतीश नहीं रहेंगे तो हम लोग नहीं रहेंगे। 25 से 30 के लिए वोट मांगे थे, बीच के लिए नहीं। लात हम खाते हैं। बात हम खाते हैं। पिटाते हम लोग हैं। कोई नीतीश कुमार को हटाने का निर्णय नहीं कर सकता है। नीतीश के नाम पर क्यों चुनाव लड़े। दूसरे के नाम पर लड़ते। हम लोग कुछ नहीं बोलते।”

राजीव रंजन पटेल ने कहा- “हम लोग का होली कल खराब कर दिया। जनता दल यूनाइटेड के लोग, बिहार के लोग शोकाकुल हैं। हम हर हाल में नीतीश को बिहार का मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। 25 से 30 के लिए मैंडेट दिया है, बीच में छोड़ने के लिए नहीं दिया है। हम लोग नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के खिलाफ हैं। निशांत कुमार राज्यसभा जाएं। नीतीश बिहार के मुख्यमंत्री बने रहें।”

नीतीश के राज्यसभा जाने के लिए तैयार होने की औपचारिक पुष्टि उनके करीबी और कद्दावर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार की रात कर दी थी। राज्यसभा की 5 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सासाराम से लोकसभा के चुनाव में हार गए शिवेश राम को कैंडिडेट बनाया है और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को समर्थन दिया है। बची हुई 2 सीटों के लिए जेडीयू से नाम आना है, लेकिन उसका औपचारिक ऐलान अब तक नहीं हुआ है। चर्चा है कि नीतीश के साथ-साथ रामनाथ ठाकुर जदयू के राज्यसभा उम्मीदवार होंगे।

एनडीए के सारे 5 कैंडिडेट सुबह 11.30 बजे नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगे, जिस दौरान भाजपा नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत एनडीए के बिहार से जुड़े सारे बड़े मंत्री और नेता मौजूद रहेंगे। अब तक की खबरों के मुताबिक नीतीश अगर पर्चा भरते हैं तो आगे मुख्यमंत्री का पद भाजपा को मिलेगा। इस पद के लिए बीजेपी में नित्यानंद राय, सम्राट चौधरी, संजीव चौरसिया का नाम चर्चा में हैं। राज्यसभा के मौजूदा 5 सदस्यों का कार्यकाल 9 अप्रैल को खत्म हो रहा है, इसलिए नए सांसदों को उसके बाद ही शपथ दिलाई जाएगी। माना जा रहा है कि नीतीश अगर राज्यसभा जाते हैं तो नई सरकार का गठन अप्रैल में उनके इस्तीफे के बाद होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश के खिलाफ साजिश, CM आवास पर जुटे नाराज JDU वर्कर; बोले- जनादेश NK के लिए
ये भी पढ़ें:बिहार में BJP का ऑपरेशन साइलेंट लोटस; राज्यसभा में नीतीश की अटकलों पर RJD का तंज
ये भी पढ़ें:BJP का मुख्यमंत्री, JDU के 2 डिप्टी सीएम; नीतीश राज्यसभा गए तो क्या-क्या बदलेगा?
ये भी पढ़ें:नीतीश के बेटे की राजनीतिक पारी का आगाज आज, JDU में शामिल हो रहे हैं निशांत कुमार
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।