कांग्रेस के 'बीड़ी' पोस्ट पर JDU ने तेजस्वी को दिया चैलेंज, नीरज बोले- गेंद आपके पाले में है; BJP भी गुस्से में
केरल कांग्रेस के ट्वीट पर एडीए के सभी घटक दल कांग्रेस पर हमलावर हैं तो जेडीयू ने तेजस्वी यादव को चुनौती दे दी है। बीजेपी और हम पार्टी ने भी वार किया है।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने जीएसटी सुधार में बीड़ी पर टैक्स कम कर दिया तो सिगरेट और सिगार पर बढ़ा दिया। इस पर कांग्रेस पार्टी की केरल इकाई ने ऐसा ट्वीट किया कि बिहार में सियासी बवाल मच गया। कांग्रेस के ट्वीट में बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी गई। इस ट्वीट पर एडीए के सभी घटक दल कांग्रेस पर हमलावर हैं तो जेडीयू ने तेजस्वी यादव को चुनौती दे दी है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि अब गेंद राजद के पाले में है।
नीरज कुमार ने बयान जारी करके बताया है कि बिहार का अपमान करना महागठबंधन के दलों के लिए राजनैतिक स्वाभिमान बन गया है। यही वजह है कि बार बार यह काम किया जा रहा है। उन्हें पता होना चाहिए कि बिहार बुद्धिमान और आध्यात्मिक मूल्यों वाला प्रदेश है। यहां जगत जननी माता सीता प्रकट हुईं। तेजस्वी यादव के पाले में गेंद है कि क्या करते हैं। केवल सीएम उम्मीदवार बनने के लिए राजनीति में चरण पादुका मत ढोइए। उन्होंने कहा कि बिहारी स्वाभिमान के साथ और आत्मसम्मान के साथ जीता है। अब जनता इन लोगों को ईवीएम से जवाब देगी।
इधर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि केरल कांग्रेस के ट्वीट से पूरे बिहार के लोग दुखी हैं। इस अपमान को सहन कर पाना मुश्किल है। कांग्रेस की मानसिकता का इससे पता चलता है। राहुल गांधी को बताना चाहिए कि बिहारी को बीड़ी क्यों कह रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी को बिहार और बिहारियों का अपमान करके आनंद आता है। लेकिन उन्हें पता नहीं है कि बिहार के लोग कुछ भूलते नहीं हैं। जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। सबक सिखा के रहेगी।
हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। कहा है कि राज्य को अपमानित करते हैं और यहां के लोगों से वोट भी मांगते हैं।




साइन इन