While attacking the Centre on GST Congress made a mistake comparing Bihar with a bidi B से बीड़ी, B से बिहार; केंद्र पर GST को लेकर हमला करते-करते कांग्रेस ने कर दी गलती?, India News in Hindi - Hindustan
More

B से बीड़ी, B से बिहार; केंद्र पर GST को लेकर हमला करते-करते कांग्रेस ने कर दी गलती?

केरल कांग्रेस के द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में तीन तरह के सामानों पर जीएसटी में हुए बदलाव का जिक्र है। केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि सिगरेट और सिगार पर अब 40 प्रतिशत जीएसटी देने होंगे। इनपर पहले 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था।

Fri, 5 Sep 2025 09:01 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
B से बीड़ी, B से बिहार; केंद्र पर GST को लेकर हमला करते-करते कांग्रेस ने कर दी गलती?

जीएसटी में सुधार को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में कई घोषणाएं की हैं। आम आदमी को राहत देने की कोशिश की गई है। रोजमर्रा के सामानों पर जीएसटी या तो शून्य कर दिए गए हैं या फिर सिर्फ 5 प्रतिशत टैक्स वसूले जाएंगे। केंद्र सरकार के इस फैसले से दूध-दही से लेकर कार और बाइक तक सस्ते हो जाएंगे। इसकी शुरुआती नवरात्रि के पहले दिन से की जाएगी। हालांकि, इस मामले पर सियासत भी शुरू हो गई।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी ने करीब आठ साल पहले ही यही बात कही थी। सरकार ने देरी कर दी है। वहीं, केरल कांग्रेस ने सरकार पर हमला करते-करते बिहार की तुलना बीड़ी से कर दी है।

केरल कांग्रेस ने एक जीएसटी को लेकर एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘बीड़ी और बिहार B से शुरू होता है। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। (Bidis and Bihar starts with B. Cannot be considered a sin anymore.)’

केरल कांग्रेस के द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में तीन तरह के सामानों पर जीएसटी में हुए बदलाव का जिक्र है। केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि सिगरेट और सिगार पर अब 40 प्रतिशत जीएसटी देने होंगे। इनपर पहले 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था। तंबाकू पर भी इसी तरह 28 की जगह 40 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। हालांकि, बीडी को इससे दूर रखा गया है। बीड़ी पर पहले जहां 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था, वहीं अब सिर्फ 18 प्रतिशत लगेगा।

जेडीयू ने बताया शर्मनाक हरकत

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट कर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, ''कांग्रेस की एक और अत्यंत शर्मनाक हरकत! आपको बता दें कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है। बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान किया है, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक बनाया है।''

वह आगे लिखते हैं, ''इसी बिहार की पावन भूमि पर आदिशक्ति मां जानकी प्रकट हुई थीं। यहीं आकर भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम के अनेक महान सेनानियों की भूमि बिहार ने ही देश को संविधान का पहला मसौदा और पहला राष्ट्रपति दिया है। इसी बिहार ने गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाया। और हां, इसी बिहार की भूमि से संपूर्ण क्रांति का बिगुल भी फूंका गया था, जिसने कांग्रेस की तानाशाह सत्ता को उखाड़ फेंका था। यकीन मानिए, बिहार की महान जनता कांग्रेस द्वारा बार-बार किये जा रहे अपमान का करारा जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी—बीड़ी के धुएं से नहीं, वोट की चोट से।''

आपको बता दें कि बिहार के विधानसभा चुनाव में बस कुछ ही महीने की देरी है। ऐसे में केरल कांग्रेस का यह ट्वीट बिहार में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। बिहार में कई ऐसे इलाके हैं, जहां लोग बीड़ी पीते हैं।