'कॉकरोच जनता पार्टी' पर ध्यान दें सरकार, बोले प्रशांत किशोर- 2 करोड़ लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
इस अभियान को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, ''इस तथाकथित पार्टी की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि इंटरनेट पर आने के कुछ ही समय में लगभग दो करोड़ लोगों ने पंजीकरण करा लिया है।

इन दिनों देश में एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया कैंपेन 'कॉकरोच जनता पार्टी' की काफी चर्चा हो रही है। पूर्व राजनीतिक रणनीतिकार और जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी अब इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को कहा कि व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट 'कॉकरोच जनता पार्टी' को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर जनता की परेशानी को रेखांकित करती है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
पूर्व चुनाव रणनीतिकार ने यह भी दावा किया कि यह अब तक एक ''सोशल मीडिया अभियान'' है, लेकिन इसकी लोकप्रियता से संकेत मिलता है कि ''व्यवस्था पर भरोसा, चिंता में बदल रहा है''। यह सोशल मीडिया अकाउंट पिछले सप्ताह प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक वकील के लिए 'वरिष्ठ' पदनाम के मुद्दे पर अदालत की सुनवाई के दौरान 'कॉकरोच' और ''परजीवियों'' के बारे में की गई टिप्पणियों पर हुए विवाद के बाद सामने आया।
इस अभियान को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, ''इस तथाकथित पार्टी की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि इंटरनेट पर आने के कुछ ही समय में लगभग दो करोड़ लोगों ने पंजीकरण करा लिया है। बेशक, अभी तक 'कॉकरोच जनता पार्टी' का कोई संगठनात्मक ढांचा नहीं है और इसके उद्देश्यों और नेतृत्व के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।''
उन्होंने कहा, ''यह समझना जरूरी है कि जनता में व्याप्त असंतोष के कारण इतने सारे लोग इस पार्टी से जुड़ रहे हैं। बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई और गैस एवं उर्वरकों की अनुपलब्धता जैसी समस्याओं ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि इतने सारे लोग इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं।''
संस्थापक अभिजीत दिपके को धमकी
बहरहाल आपको बता दें कि महाराष्ट्र में हिंगोली जिले के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने शनिवार को बताया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गयी है। वह अभी भी अमेरिका में हैं, जहाँ वे पढ़ाई कर रहे हैं। यह कदम तब उठाया गया जब सीजेपी की वेबसाइट, इंस्टाग्राम अकाउंट और एक्स अकाउंट को बंद पाया गया। यह घटना उस समय घटित हुईं, जब कुछ ही दिनों में लगभग 10 लाख फॉलोअर्स उनसे जुड़ गए थे।
इससे पहले अभिजीत दिपके ने ऑनलाइन खुलासा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने एक्स पर एक धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट शेयर किया था। उनके घर के बाहर पुलिस तैनात होने की पुष्टि करते हुए पंकज अतुलकर ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, "लोग श्री दिपके और उनकी 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बारे में बहुत उत्सुक हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उनके घर के पास पुलिस तैनात की गयी है। उनके घर पर अगले कुछ दिनों तक पुलिस की तैनाती जारी रहेगी।"
गौरतलब है कि सीजेपी वेबसाइट, इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट बंद होने के बाद इस राजनीतिक संगठन के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। हालांकि पंकज दिपके ने अपने समर्थकों को ऐसी कोई भी गलती करने से बचने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई विरोध प्रदर्शन होता है, तो उससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।




साइन इन