dipankar bhattacharya reacts on samrat choudhary government bulldozer said nitish model changed बिहार में बुलडोजर राज, नीतीश का मॉडल पलट गया; सम्राट पर निशाना साध दीपांकर भट्टाचार्य ने किया आंदोलन का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में बुलडोजर राज, नीतीश का मॉडल पलट गया; सम्राट पर निशाना साध दीपांकर भट्टाचार्य ने किया आंदोलन का ऐलान

पटना में दीपांकर भट्टाचार्य ने बताया कि ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और दमन के खिलाफ 24 मई को छात्र-युवा सड़कों पर उतरेंगे। भाकपा माले कॉरपोरेट भूमि अधिग्रहण और दमनकारी शासन के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी।

Sat, 23 May 2026 05:42 PMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना
share
बिहार में बुलडोजर राज, नीतीश का मॉडल पलट गया; सम्राट पर निशाना साध दीपांकर भट्टाचार्य ने किया आंदोलन का ऐलान

भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि बिहार में अब बुलडोजर राज चल रहा है। मौजूदा सम्राट चौधरी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मॉडल को उलट दिया है। पटना में दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने न केवल नीतीश कुमार को सत्ता से हटाया बल्कि पूरे राजनीतिक विमर्श और शासन मॉडल को ही उलट दिया है। दमनकारी कार्रवाइयों को अपनाया जा रहा है। दीपंकर भट्टाचार्य शनिवार को आईएमए हाल सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और दमन के खिलाफ 24 मई को छात्र-युवा सड़कों पर उतरेंगे। भाकपा माले कॉरपोरेट भूमि अधिग्रहण और दमनकारी शासन के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के छात्र-युवा व खासकर जेन जी गहरे आक्रोश में है। यह आक्रोश कॉकरोच जनता पार्टी के रूप में सोशल मीडिया पर दिख रहा है। 16 से 18 मई तक दरभंगा में संपन्न भाकपा-माले के 12 वें राज्य सम्मेलन ने एक बार फिर कुणाल को राज्य सचिव चुना गया। साथ ही 107 सदस्यीय नई राज्य कमेटी का गठन किया गया। इनमें 27 नए चेहरे शामिल किए गए हैं ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मंत्री-अधिकारियों को एक चीज के लिए तरसाना चाहते हैं सम्राट चौधरी, CM का मकसद
ये भी पढ़ें:सम्राट चौधरी के मंत्रियों को एस्कॉर्ट वाहन ही नहीं मिल रहा, DIG तक पहुंचा लेटर

बिहार पुलिस द्वारा हाल के दिनों में अपराधियों के हाफ एनकाउंटर पर भी दीपांकर भट्टाचार्य ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिना किसी पारदर्शी जांच के पिछले चार दिनों में पांच लोगों को गोली मार दी गई। पुलिस खुलेआम कह रही है कि गोली पैर में नहीं बल्कि छाती में मारी जाएगी। नीट पेपर लीक पर भी दीपांकर ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नीट जैसी परीक्षाओ में पेपर लीक होना प्रशासन की विफलता ही नहीं बल्कि संगठित अपराध तंत्र और राजनीतिक संरक्षण का परिणाम है।

बुलडोजर मशीन नहीं अब भाजपा शासन की राजनीतिक पहचान - दीपांकर

इससे पहले शुक्रवार को समस्तीपुर में भी दीपांकर भट्टाचार्य ने सम्राट चौधरी सरकार को निशाने पर लिया था। दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा था कि आज देश में बुलडोजर केवल एक मशीन नहीं, बल्कि भाजपा शासन की राजनीतिक पहचान और दमन का प्रतीक बन चुका है। इस दिन भाकपा माले की ओर से कर्पूरी सभागार में बुलडोजर राज के खिलाफ लोकतंत्र की आवाज विषय पर आयोजित सेमिनार को वो संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वरिष्ठ वाम नेता रामदेव वर्मा को याद करते हुए कहा था कि वे बीच के पांच वर्षों को छोड़कर 1980 से 2010 तक विधायक रहे। हर दौर में गरीबों, दलितों, वंचितों और मेहनतकश जनता की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े राजनीतिक बदलावों के बावजूद रामदेव वर्मा ने कभी जनता का साथ नहीं छोड़ा और आज उनके संघर्षों की विरासत बुलडोजर राज के खिलाफ लोकतंत्र की लड़ाई को दिशा दे रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।