पीएम की कार पूलिंग की अपील पर शासन एवं प्रशासन के पहरुओं को भी अमल की जरुरत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन की बचत के लिए कार पूलिंग की अपील की है, जिसे लोगों ने सकारात्मकता से लिया है। हालांकि, नागरिकों का मानना है कि सरकार और उसके अधिकारियों को इस पहल में सबसे पहले आगे आना चाहिए। कार पूलिंग से न केवल ईंधन की बचत होती है, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।

झाझा । निज संवाददाता मध्य पूर्व के संकट के मद्देनजर व्यापक पैमाने पर बाधित हुई पेट्रोलियम पदार्थ व गैस आदि की आपूर्ति के मद्देनजर ईंधन की बचत के नजरिए से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई कार पूलिंग की अपील को आमतौर पर लोग एक तथ्यपरक अपील मानते हैं। लोग भी यह स्वीकारते मिले कि मौजूदा वैश्विक हालातों के मद्देनजर ऊर्जा व ईंधन संरक्षण एवं इसकी बचत समय की मांग है और यह देश की अर्थव्यवस्था का संतुलन बनाए रखने के दृष्टिकोण से भी जरूरी है। किंतु, साथ ही लोगों का यह भी कहना था कि मितव्ययता की यह पहल आमजन से कहीं अधिक सरकार एवं सरकार के कारिंदों के स्तर पर कहीं अधिक जरूरी है।
वैसे भी अंग्रेजी की एक कहावत,चैरिटी बिगंस एट होम,यानि अच्छे कार्य या अच्छी पहल की शुरूआत घर से ही होती है, कहा चंद प्रबुद्ध लोगों ने। प्रतिक्रिया देने वाले लोगों का यह भी तर्क था कि कोई भी आम आदमी,चाहे वह कितना भी अमीर हो,अमूमन एक ही कार से सफर करता है। जबकि दूसरी ओर सरकार के मंत्री व नौकरशाहों से लेकर प्रशासन व पुलिस के वरीय अधिकारियों संग गाड़ियों का काफिला चलते देखा जाना आम बात है। एक ही कार्यक्रम में जा रहे होने के बावजूद तमाम मंत्री या फिर तमाम अफसर अपनी अलग-अलग सरकारी गाड़ियों से पहुंचते हैं। बता दें कि पीएम द्वारा की गई कार पूलिंग या शेयरिंग का अभिप्राय है,एक ही वाहन को साझा करना या कहें कि एक साथ यात्रा करना। यह एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें कई लोग एक ही कार या किसी अन्य वाहन में एक साथ यात्रा करते हैं, विशेषकर अपने काम या स्कूल जाने के लिए। इससे यात्रा खर्च, ईंधन और समय की बचत होती है। उक्त व्यवस्था के और भी कई लाभ हैं,मसलन ड्राइविंग का तनाव कम होना,यात्रा का खर्च साझा होना एवं इन सबसे भी अधिक महत्वपूर्ण यह कि इससे कम प्रदूषण फैलने की वजह से पर्यावरण की रक्षा भी होती है। कार साझा करने से पेट्रोल/डीजल और टोल टैक्स का खर्च भी आपस में बंट जाता है, जिससे यात्रा किफायती पड़ती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन