नेपाल में हिंसा के बीच जेल ब्रेक; 576 कैदी फरार, बिहार बॉर्डर पर एसएसबी अलर्ट
नेपाल में जारी हिंसक आंदोलन के बीच जेल ब्रेक की घटना सामने आई है। जब 576 कैदी फरार हो गए। भारतीय प्रशासन को आशंका है कि फरार कैदी नेपाल से भागकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए सीमा सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है।

नेपाल में जारी जेन-जेड (जेन-जेड) आंदोलन का असर अब कानून-व्यवस्था पर भी पड़ने लगा है। आंदोलन के दूसरे दिन महोत्तरी ज़िले के जलेश्वर कारागार पर प्रदर्शनकारियों ने हल्ला बोल दिया। प्रदर्शनकारियों के इस कार्रवाई से जेल में बंद 577 में से 576 कैदी फरार हो गए। जिसके बाद पूरे ज़िले में हड़कंप मच गया है। महोत्तरी जिला में कर्फ्यू लगा दिया गया है। नेपाल के सूत्रों के अनुसार, काठमांडू स्थित नक्खु कारागार से पूर्व गृहमंत्री रवि लामीछाने को आंदोलनकारियों द्वारा मुक्त कराए जाने की घटना के बाद ही जलेश्वर जेल ब्रेक की वारदात हुई।
बताया जाता है कि आंदोलन का फायदा उठाते हुए पूर्व विधायक कौशल कुमार यादव को रिहा कराने पहुंचे उनके सैकड़ों समर्थकों ने जेल पर हमला किया और देखते ही देखते 577 में से 576 कैदी भाग निकले। फिलहाल एक कैदी जिला प्रहरी कार्यालय महोत्तरी की हिरासत में है। घटना के बाद महोत्तरी ज़िले में कर्फ़्यू लागू कर दिया गया है। उधर, भाग रहे कैदी अपने सामान के साथ ही जेल कादैनिक उपयोग में आने वाला पंखा आदि समान भी ले भागे।
भारतीय प्रशासन को आशंका है कि फरार कैदी नेपाल से भागकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए सीमा सुरक्षा को और कड़ा कर दिया गया है। भारतीय सीमा से लगे सुरसंड, सोनबरसा व परिहार इलाक़ों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। सीमा पर तैनात एसएसबी और बिहार पुलिस ने संयुक्त रूप से गश्ती तेज कर दी है। सुरसंड थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पुपरी सुनीता कुमारी के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। वहीं जलेश्वर में हुयी जेल ब्रेक की घटना से सीमावर्ती भारतीय गांव में लोग चिंतित व परेशान नजर आ रहे हैं।
जेल ब्रेक की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया। डीएम-एसपी ने आनन-फानन में सुरक्षा एजेंसियों के साथ एसएसबी से ताजा स्थिति पर वार्ता की। उसके बाद बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी गयी। नेपाल से जुड़े सभी बॉर्डर खासकर जलेश्वर से सटे सुरसंड, परिहार व सोनबरसा बॉर्डर पर पुलिस-प्रशासन की टीम के साथ एसएसबी नजर बनाए हुए है। एसडीओ सदर आनंद कुमार, एसडीपीओ सदर 2 आशीष आनंद, बीडीओ सोनबरसा, सोनबरसा व कन्हौली थानेदार के साथ एसएसबी की टीम लगातार नेपाल से सटे मलंगवा बॉर्डर इलाके में नजर बनाए हुए है।
सीतामढ़ी की डीएम रिची पांडेय ने बताया कि नेपाल के जलेश्वर में जेल ब्रेक की सूचना के बाद एसएसबी समेत सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस के साथ वार्ता हुई है। सीमा पर सख्ती बढ़ायी गई है। पुलिस, एसएसबी और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम सीमा पर नजर बनाए हुए है। पुलिस व एसएसबी की ओर से संयुक्त पेट्रोलिंग की जा रही है।




साइन इन