नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच बिहार में हाई अलर्ट, पुलिस से लेकर एसएसबी तक को निर्देश
नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के बीच बिहार में हाई अलर्ट है। बिहार पुलिस मुख्यालय में सीमावर्ती सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने को कहा है। एसएसबी मुख्यालय से भी सभी चौकियों पर तैनात जवानों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए हैं।

पड़ोसी देश नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच बिहार में हाई अलर्ट है। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सभी जिलों में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को अलर्ट भेजा गया है। बिहार में नेपाल बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने का नोटिस दिया है। इसके साथ ही केंद्रीय एजेंसियां एवं आसूचना इकाइयों को भी अलर्ट कर दिया गया है। एसएसबी के पटना फ्रंटियर मुख्यालय ने नेपाल सीमा पर तैनात अपने सभी सुरक्षा चौकियों को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
पूरे नेपाल में सोशल मीडिया बैन के बाद शुरू हुए युवाओं के प्रदर्शन ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार को बवाल और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन समेत कई मंत्रियों के आवास फूंक दिए। प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, वे नेपाल छोड़कर भागने की जुगत में हैं। हिंसा की आग पूरे नेपाल में फैल चुकी है। भारत की सीमा से सटे जिलों में भी इसका असर दिख रहा है। इस कारण बिहार के सीमावर्ती जिलों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अररिया में भारत और नेपाल के सुरक्षाकर्मियों की बैठक
जिले के बथनाहा में एसएसबी 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र अंतर्गत बाह्य सीमा चौकी पर एसएसबी और एपीएफ नेपाल पुलिस के बीच एक समन्वय बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। इस दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने सीमा पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने, सीमा पार गतिविधियों पर नियंत्रण रकने और आपसी सहयोग को और मजबूत करने की चर्चा की।
भारत-नेपाल रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद
पड़ोसी देश में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारत और नेपाल के बीच रेल सेवा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। मधुबनी जिले के जयनगर में भारत और नेपाल दोनों तरफ के स्टेशन पर मंगलवार को सन्नाटा पसर गया। स्टेशन पर कुछ यात्री अपने गंतव्य की ओर जाने के इंतजार में बेबस नजर आए। नेपाल में राजनीतिक बवाल थमने के बाद ही ट्रेन सेवा बहाल होने की संभावना जताई जा रही है।
बिहार में नेपाल से सटे हैं ये जिले
नेपाल की सीमा से बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिला लगा हुआ है। भारत में नेपाल से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा का लगभग एक तिहाई हिस्सा बिहार में मौजूद है। इसलिए पड़ोसी देश में हिंसक प्रदर्शनों के बीच बिहार में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।




साइन इन