प्रिंसिपल सोने के लिए छोटे भाई को साथ ले गए..., जहानाबाद के हॉस्टल में छात्र की हत्या से पहले गैंगरेप
प्राथमिकी में मृतक के पिता ने कहा है कि उनका बड़ा बेटा भी उसी हॉस्टल में पहले से रह रहा था। उसने बताया कि पांच अप्रैल की रात प्रिंसिपल अपने साथ सोने के लिए छोटे भाई को लेकर चले गए थे। पिता का आरोप है कि उनके बच्चे के साथ सामूहिक दुराचार कर धारदार हथियार से हत्या की गई।

बिहार के जहानाबाद जिले में छात्र की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल के हॉस्टल में छात्र की हत्या से पहले उसके साथ गैंगरेप हुआ था। कड़ौना थाना क्षेत्र में कनौदी बाइपास के समीप स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय में पांच साल के बच्चे की हत्या के मामले में स्कूल संचालक के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृत छात्र के पिता के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में सामूहिक दुराचार के बाद धारदार हथियार से निर्मम हत्या का आरोप लगाया गया है। इस मामले में स्कूल के संचालक तरुण कुमार ऊर्फ गांधी को मंगलवार की शाम जेल भेज दिया गया, जबकि हिरासत में लिये गये स्कूल के शिक्षक व दो महिला कर्मियों को पूछताछ के बाद बॉन्ड पर छोड़ा गया। स्कूल के एक गार्ड को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मृतक के पिता ने स्कूल के संचालक सह प्रिंसिपल और वहां के अन्य कर्मियों पर बच्चे से सामूहिक दुराचार के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। कड़ौना थाने में बीएनएस की धारा 65 (2), 64 ( एफ), 70( 2), 103 के अलावा 4/ 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष देवकांत वर्मा को जांच की जिम्मेवारी सौंपी गई है। मंगलवार को एसपी अपराजित लोहान ने घटनास्थल पर जाकर मामले का अनुसंधान किया।
स्कूल और छात्रावास को सील कर दिया गया है। इसके पहले मंगलवार की सुबह पीएमसीएच में मेडिकल बोर्ड ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया और परिजन को सौंपा। इसके बाद फतुहा घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार किया गया। यूकेजी कक्षा का छात्र सोमवार की सुबह जख्मी हालत में छात्रावास में मिला था। इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।
बड़े भाई ने बताया, भाई को प्रिंसिपल कमरे में ले गये थे
प्राथमिकी में मृतक के पिता ने कहा है कि उनका बड़ा बेटा भी उसी हॉस्टल में पहले से रह रहा था। उसने बताया कि पांच अप्रैल की रात प्रिंसिपल अपने साथ सोने के लिए छोटे भाई को लेकर चले गए थे। पिता का आरोप है कि उनके बच्चे के साथ सामूहिक दुराचार कर धारदार हथियार से हत्या की गई।




साइन इन