बिहार में हैवानियत, 5 साल की बच्ची की गला रेतकर हत्या; शादी का भोज खाकर लौट रही थी लड़की
पूर्णिया के अमौर थाना क्षेत्र में एक 5 साल की मासूम बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्ची रविवार शाम एक शादी समारोह से लौट रही थी, तभी वह लापता हो गई। सोमवार सुबह उसका शव मक्के के खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्ट-मार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। अमौर थाना क्षेत्र के धुरपौली पंचायत में एक 5 साल की मासूम बच्ची की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। बच्ची रविवार शाम एक शादी समारोह में भोज खाने गई थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी। सोमवार सुबह उसका शव गांव के ही एक मक्के के खेत से बरामद हुआ।
शादी की खुशियां मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, बच्ची रविवार की शाम अपने घर से करीब के ही एक शादी समारोह में भोज खाने के लिए निकली थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात भर गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने मक्के के खेत में बच्ची का लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गला रेतकर की गई बेरहमी से हत्या
वारदात का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। तेज धारदार हथियार से बच्ची का गला रेता गया है। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्ट-मार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और किसी अन्य तरह के शोषण की पुष्टि हो सके।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों में कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्ट-मार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश है और वे दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।




साइन इन