ऑपरेशन लंगड़ा का खौफ? बिहार छोड़ भाग रहे अपराधी, ADG बोले- दूसरे राज्यों से 64 गिरफ्तार
एडीजी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि अपराधियों पर कार्रवाई के साथ उनके द्वारा अर्जित संपत्ति को भी जब्त किया जा रहा है।

अपर पुलिस महानिदेशक, अभियान (एडीजी, ऑपरेशन) कुंदन कृष्णन ने कहा कि राज्य के अधिकतर अपराधी बिहार से बाहर भाग गए हैं। बिहार पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इस वर्ष जनवरी से अबतक 17 राज्यों में स्थानीय पुलिस की मदद से 64 कुख्यात अपराधियों को दबोचा गया है।
एडीजी ने बताया कि सर्वाधिक 14 अपराधियों की गिरफ्तारी दिल्ली में हुई है। पश्चिम बंगाल से 9, उत्तरप्रदेश से 7, गुजरात से 7, झारखंड से 6, हरियाणा से 5, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश से 4-4, हिमाचल प्रदेश व पंजाब से 2-2, राजस्थान, गोवा, उड़ीसा, उत्तराखंड, कर्नाटक, जम्मू- कश्मीर एवं मणिपुर से 1-1 अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। सिर्फ अगस्त में राज्य के बाहर जाकर 11 अपराधियों को पकड़ा गया। इनमें गुजरात में 6, पंजाब में 2, बंगाल और महाराष्ट्र में 1-1 अपराधी की गिरफ्तारी की गई है। शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडीजी ने यह जानकारी दी।
23 पुलिस मुठभेड़
एडीजी ने बताया कि राज्य में नक्सली हिंसा में कमी आने के बाद से एसटीएफ संगठित अपराध के खात्मे के लिए कार्रवाई कर रहा है। पिछले वर्ष पुलिस से अपराधियों की मुठभेड़ के 8 मामले सामने आए थे, वहीं इस वर्ष अबतक 23 पुलिस मुठभेड़ हो चुकी है। पिछले साल 752 अपराधियों को गिरफ़्तार किया गया था।
इस वर्ष अबतक 857 अपराधी गिरफ्तार हुए
इस वर्ष अबतक 857 अपराधी गिरफ्तार हो चुके हैं। इसी तरह 2024 में 44 और 2025 में अब तक 101 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले वर्ष जहां 3681 कारतूस बरामद किए गए थे। वहीं, इस वर्ष अब तक 12 हजार 176 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं। पिछले वर्ष अपराधियों से 19 रेगुलर हथियार तथा इस वर्ष 32 रेगुलर हथियार बरामद किए गए हैं। एक सवाल पर कहा कि ऑपरेशन लगड़ा चलाने का कोई आदेश पुलिस को नहीं दिया गया है। अपराधियों की तरफ से पुलिस टीम पर गोलीबारी की जाती है, तो जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस के स्तर से फायरिंग होती है।
रीतलाल के भाई की संपत्ति होगी जब्त
एडीजी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि अपराधियों पर कार्रवाई के साथ उनके द्वारा अर्जित संपत्ति को भी जब्त किया जा रहा है। इसी क्रम में विधायक रीतलाल यादव के भाई की संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव आर्थिक अपराध इकाई को भेजा गया है। वहां से इसे ईडी को भेजा जा सकता है। अलग-अलग कानून के तहत विभिन्न एजेंसियों को आर्थिक अपराध के मामले में कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
एनआईए कर रही जांच
एडीजी ने बताया कि अवैध हथियार या गोलियों की खरीद-बिक्री के मामले की तफ्तीश एनआईए के स्तर से भी की जा रही है। इससे अपराधियों को मिलने वाली गोलियों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने में मदद मिलेगी। हाल में हाजीपुर समेत 7 ठिकानों पर एनआईए की छापेमारी हुई थी।




साइन इन