आज घर से छाता लेकर निकलें, उत्तर में ऑरेंज और दक्षिण में येलो अलर्ट; बिहार मेंआंधी-बारिश से मिलेगी राहत
मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने उत्तर-मध्य एवं उत्तर-पूर्व भाग के जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।

बिहार के ज्यादातर जिलों में बुधवार को आंधी-बारिश आसार हैं। उत्तर बिहार के लिए ऑरेंज और दक्षिण बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने उत्तर-मध्य एवं उत्तर-पूर्व भाग के जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई है।
वहीं उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व भाग के एक-दो जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश होने के आसार हैं। दक्षिण-पश्चिम भाग के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद जिले में पछुआ चलने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। शेष भाग के जिलों में पूरवा चलने से बारिश होने के आसार हैं। लेकिन, जिन जगहों पर बारिश नहीं होगी, वहां के लोगों को भी उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
सूबे का तापमान गिरा, मौसम बना रहा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। इस कारण मौसम शुष्क बना रहा है। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस कैमूर में और सबसे कम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस सहरसा के अगवानपुर में दर्ज किया गया।
पटना में 37 किलमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली
पटना जिले के एक-दो स्थानों पर बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी। पूरवा चलने पर उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार को पटना के अधिकतम तापमान में 1.3 और न्यूनतम में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 36.3 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
भागलपुर में आज-कल धूप-छांव के बीच हल्की बारिश के आसार
मंगलवार की सुबह में भागलपुर जिले में धूप चटकी तो सूरज की तपिश ने घर से बाहर निकले लोगों की त्वचा जलाने लगी। लेकिन पूर्वाह्न 11 बजते-बजते सूरज बादलों में समा गया और बदरी के कारण लोगों को तीखी धूप से निजात मिली। दिनभर गर्मी से ज्यादा लोगों के पसीने भारी उमस ने निकाल दिये। भारतीय मौसम विभाग के अनुमानों की माने तो बुधवार से गुरुवार के बीच आंशिक बदरी के बीच हल्की बारिश या बौछारें पड़ने का अनुमान है। जबकि 22 मई को आंधी संग बारिश हो सकती है।
बीएयू, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार से लेकर 22 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बुधवार-गुरुवार को जहां धूलभरी आंधी के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है वहीं शुक्रवार को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आंधी चलने व बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
पुरवैया से सात डिग्री लुढ़ककर 37.8 पर पहुंचा पारा, उमस बढ़ी
गया में महज 24 घंटे के भीतर मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। गर्म पछुआ हवा की जगह अब उमस भरी पुरवैया चलने लगी है। लू से राहत जरूर मिली, लेकिन नमी बढ़ने से उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मंगलवार को तापमान में गिरावट के बावजूद लोगों को 44 डिग्री जैसी गर्मी का अहसास होता रहा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री रहा। सोमवार को गया का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री पहुंच गया था। जो पिछले दो वर्षों में सबसे अधिक था। महज एक दिन में अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन नमी के कारण उमस बढ़ गई।
पूर्णिया में 25 मई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट
यलो अलर्ट के बीच धूप और उमस के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने के कारण धूप छांव लगा रहा। धूप और उमस के कारण गर्मी से किसानों को काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई एवं 23 मई को ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि 21 मई , 22 मई, 24 मई एवं 25 मई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। ओरेंज अलर्ट एवं येलो अलर्ट में तेज हवा बहने,मेघा गर्जन एवं वज्रपात की संभावना बनी रहती है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।




साइन इन