आज नहीं तो कल सुबह हो जाएगा; भाजपा बोली- एनडीए के सभी नेता बैठकर सीटों का ऐलान करेंगे
बिहार के भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शनिवार सुबह कहा कि एनडीए में सीट बंटवारे का ऐलान गठबंधन के सभी नेता साथ बैठकर करेंगे। आज शाम तक घोषणा नहीं हुई तो कल सुबह तक हो जाएगी।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग फॉर्मूला के ऐलान की उलटी गिनती चल रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पहले कहा था कि शनिवार शाम तक सीट बंटवारा घोषित हो जाएगा। अब वह कह रहे हैं कि आज शाम नहीं तो कल (रविवार) सुबह 10-11 बजे तक ऐलान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी नेता मिलकर साथ बैठेंगे और फिर मिलकर सीट बंटवारे का ऐलान करेंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष शनिवार को पार्टी मुख्यालय में बिहार चुनाव को लेकर होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पटना में भाजपा चुनाव समिति की तीन दिन लगातार बैठक हुई। उसमें पार्टी की सभी सीटिंग सीटें और 2020 में हारी हुई सीटों पर उम्मीदवारों के पैनल बनाए। इस पैनल पर दिल्ली में आज दिनभर चर्चा होगी। इसके बाद भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रविवार को इसे रखा जाएगा।
उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर जायसवाल ने कहा कि वे ठीक ही कह रहे हैं। जब एनडीए के सभी नेताओं ने साथ मिलकर सीट शेयरिंग फॉर्मूले का ऐलान नहीं किया, तो सोशल मीडिया पर किस आधार पर खबरें चलाई जा रही हैं। दरअसल, कुशवाहा ने शनिवार सुबह ही ट्वीट कर कहा था कि इधर-उधर की खबरों पर मत जाइए, सीटों पर वार्ता अभी चल रही है।




साइन इन