बिहार से डेपुटेशन पर दिल्ली गए दो आईएएस, अनुपम और बंदना प्रेयषी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद दो आईएएस अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली भेजा गया है। आईएएस अनुपम कुमार और बंदना प्रेयषी को सेंट्रल डेपुटेशन के लिए बिहार सरकार ने रिलीव कर दिया है।

बिहार कैडर के दो आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारियों को राज्य सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव कर दिया है। IAS अनुपम कुमार और बंदना प्रेयषी को सेंट्रल डेपुटेशन पर दिल्ली भेजा गया है। अनुपम कुमार को केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, बंदना प्रेयषी केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय में संयुक्त सचिव उर्वरक बनाई गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इन्हें विरमित (रिलीव) करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
अनुपम कुमार बिहार सरकार में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव थे। वहीं, बंदना प्रेयषी समाज कल्याण विभाग में सचिव की जिम्मेदारी निभा रही थीं। अब दोनों अधिकारियों को केंद्र सरकार में नई पोस्टिंग दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे 1 मई से नया पदभार संभालेंगे।
अनुपम एवं बंदना की जगह मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव चंद्रशेखर सिंह को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग एवं समाज कल्याण सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह संसदीय कार्य सचिव और बिहार विकास मिशन के निदेश की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी भी अधिसूचना जारी कर दी है।
नीतीश के खास रहे हैं अनुपम, 2003 बैच के आईएएस
अनुपम कुमार 2003 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह मुजफ्फरपुर, नालंदा समेत अन्य जिलों के डीएम रह चुके हैं। उनकी गिनती पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद अफसरों में होती रही है। अनुपम कुमार लंबे समय तक मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव पद पर रहे हैं।
तेज तर्रार IAS हैं बंदना
बंदना प्रेयषी भी 2003 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उनकी गिनती तेज तर्रार अधिकारियों में होती है। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमफिल तक की पढ़ाई कर चुकी हैं। अपनी शुरुआती पोस्टिंग में वह भोजपुर और बाढ़ (पटना) में एसडीओ रहीं। इसके बाद सीवान, भागलपुर और कुछ समय के लिए गयाजी की डीएम बनीं। साथ ही बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं।
बंदना प्रेयषी पूर्व में भी सेंट्रल डेपुटेशन पर दिल्ली जा चुकी हैं। 2014 से 2019 तक उन्होंने केंद्र सरकार में विभिन्न पद संभाले थे। IAS बंदना सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं।
प्रतिमा सुशील कुमार भी गईं दिल्ली
2002 बैच की बिहार कैडर आईएएस अधिकारी प्रतिमा सतीश कुमार को भी पिछले दिनों बिहार सरकार ने रिलीव किया था। वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली गई हैं। उन्हें केंद्र के जनजातीय कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव स्तर की पोस्टिंग दी गई है। इससे पहले वह बिहार सरकार में विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव पद पर तैनात थीं।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन