Bihar Weather: बक्सर- रोहतास और भभुआ में लू, बिहार में गर्मी के सितम से राहत कब; मौसम का हाल
Bihar Weather: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को भभुआ, बक्सर एवं रोहतास जिले के एक-दो स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इसके अलावा कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रहेगी।

Bihar Weather: बिहार के लोगों को मंगलवार को भी गर्मी झुलसाएगी। लेकिन बुधवार से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। मंगलवार को भभुआ, बक्सर एवं रोहतास जिले के एक-दो स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इसके अलावा कई जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रहेगी।
सोमवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। गया जी का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक 44.6, बक्सर का 4.8 अधिक 44.4, डेहरी का 3.1 अधिक 44.0 डिग्री सेल्सियस, कैमूर का 3.7 अधिक 43.9 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद का 3.6 अधिक 43.0 डिग्री सेल्सियस, छपरा का 2.9 अधिक 40 डिग्री सेल्सियस और राजगीर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 अधिक रहने के कारण 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस कारण इन जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रही।
पटना का पारा गिरा, नमी के कारण गर्मी का अधिक अहसास
पटना के अधिकतम तापमान में सोमवार को तीन डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई पर नमी की मात्रा 53 प्रतिशत रहने के कारण लोगों वास्तविक तापमान से तीन-चार डिग्री सेल्सियस अधिक का अहसास हुआ। दोपहर को धूप में आने पर लोगों को भीषण गर्मी का अहसास हो रहा था। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 37.6 और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि पटना में अभी कुछ दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। लेकिन आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
भागलपुर में उमस और गर्मी का कहर
भागलपुर जिले में सोमवार को भी तेज धूप और उमस की स्थिति रही। सुबह नौ बजे से ही धूप की चमक के बीच गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर में गर्मी और बढ़ गई। दोपहर में दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सुबह के समय न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 76 प्रतिशत रहने के कारण काफी उमस रही। 4.1 किमी प्रतिघंटा की गति से पूर्वा हवा चलती रही।
शाम के समय तेज हवा चलने से लोगों को दिनभर की जलन से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 मई के दौरान जिले में एक-दो स्थानों पर आंधी व हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वानुमान की अवधि में 08-12 किमी/घंटा की गति से पूर्वा हवा चलती रहेगी।
सबसे गर्म गयाजी, तापमान 44 डिग्री
गयाजी जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। तीखी धूप और गर्म पछुआ कहर बरपा रही है। सूर्य की रोशनी के रूप में आसमान से शोले बरस रहे हैं। पिछले तीन दिनों से लू जैसी स्थिति है। जनजीवन झुलस रहा है। सोमवार को रिकार्डतोड़ तपिश का कहर रहा। गर्मी का आलम यह है कि अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक पहुंच गया। इस सीजन का सबसे गर्म दिन सोमवार रहा। अधिकतम तापमान 44.6 व न्यूनतम 26.2 डिग्री रहा।
गया सूबे में सबसे गर्म रहा। गया के बाद 44.4 डिग्री पर बक्सर गर्म रहा। गया में पिछले साल 2025 (मई) के गर्मी का रिकार्ड टूट गया। पिछले साल मई में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 15 मई को 43.1 डिग्री रहा था। इस साल के 44.6 से ज्यादा 2024 में 29 मई को 47.4 डिग्री रहा था।




साइन इन