प्रेमी की सिर काटकर हत्या में प्रेमिका और पति की साजिश, अवैध संबंध का खौफनाक अंजाम
हत्या के बाद उसका धड़ रेलवे लाइन के समीप फेंक दिया गया था, ताकि मामले को हादसे का रूप दिया जा सके। मामले में पुलिस ने कौशल नगर निवासी मृतक के दोस्त छोटू की पत्नी खुशबू कुमारी उर्फ खुशबू रानी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल महिला का पति छोटू यादव फरार है।

पटना के गर्दनीबाग निवासी ऑटो चालक चंदन की मौत की गुत्थी सुलझ गई है। उसकी मौत ट्रेन से कटने से नहीं हुई थी, बल्कि साजिश के तहत सिर काटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद उसका धड़ रेलवे लाइन के समीप फेंक दिया गया था, ताकि मामले को हादसे का रूप दिया जा सके। मामले में पुलिस ने कौशल नगर निवासी मृतक के दोस्त छोटू की पत्नी खुशबू कुमारी उर्फ खुशबू रानी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल महिला का पति छोटू यादव फरार है।
पुलिस के मुताबिक अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या की गई। सचिवालय डीएसपी-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि पुलिस छोटू की तलाश में छापेमारी कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद यह स्पष्ट होगा कि इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। खुशबू कुमारी को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी।
अनीसाबाद के धीराचक निवासी ऑटो चालक चंदन कुमार बीते मंगलवार सुबह घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं था। घर नहीं लौटने पर गुरुवार को परिजन उसकी गुमशुदगी की शिकायत लेकर गर्दनीबाग थाना पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात युवक की सिर कटी लाश मिलने की सूचना मिली। बाद में शुक्रवार को परिजनों ने उसकी पहचान चंदन के रूप में की।
पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार दोपहर जमकर हंगामा किया। आगजनी कर अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य सड़क को करीब दो घंटे तक जाम रखा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से पहले चंदन को कौशल नगर निवासी छोटू के साथ देखा गया था। इसके बाद शक की सुई छोटू यादव और उसकी पत्नी खुशबू कुमारी पर गई। हवाई अड्डा थाना पुलिस ने पहले इस मामले में यूडी केस दर्ज किया था। बाद में चंदन के पिता के आवेदन पर छोटू सहित 10 नामजद आरोपितों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चंदन का खुशबू से प्रेम-प्रसंग था। इसी को लेकर साजिश रचकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार इस साजिश में खुशबू कुमारी भी शामिल थी। जांच में महिला की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने रविवार को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।




साइन इन