History sheeter shot dead in Muzaffarpur when reached in Girlfriend room मुजफ्फरपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए हिस्ट्रीशीटर की हत्या, कमरे में घुसकर गोलियों से भूना, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मुजफ्फरपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए हिस्ट्रीशीटर की हत्या, कमरे में घुसकर गोलियों से भूना

मुजफ्फरपुर के अहियापुर में शुक्रवार रात हिस्ट्रीशीटर अजीत राय की हत्या कर दी गई। अजीत जब अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके कमरे में गया, तब अपराधियों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी।

Sat, 31 May 2025 08:41 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान टीम, मुजफ्फरपुर
share
मुजफ्फरपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए हिस्ट्रीशीटर की हत्या, कमरे में घुसकर गोलियों से भूना

बिहार के मुजफ्फरपुर में शुक्रवार रात हिस्ट्रीशीटर अजीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात अहियापुर थाना क्षेत्र के मेडिकल फोरलेन स्थित डॉक्टर्स कॉलोनी की है। अजीत राय अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने उसके किराये के कमरे पर गया था। बदमाशों ने उसका पीछा किया और कमरे में घुसकर उसे गोलियों से भून दिया। सीने और पेट में 5 गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अजीत चुन्नू ठाकुर गैंग का शूटर भी रह चुका है।

जानकारी के अनुसार अजीत राय मूलरूप से सीतामढ़ी जिले के महिंदवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित गौसनगर गुरदह गांव का रहने वाला था। डॉक्टर्स कॉलोन स्थित उसकी गर्लफ्रेंड ने 15 दिन पहले किराये पर कमरा लिया था। अजीत शुक्रवार रात को उसी के पास आया था। पुलिस ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ रुन्नीसैदपुर, मिठनपुरा के अलावा झारखंड में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुजफ्फरपुर में जियालाल चौक के पास उसका अपना मकान है। उसका बड़ा भाई सुजीत दवा दुकान चलाता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोपालगंज में इंटर के छात्र की हत्या, कोचिंग संस्थान से बाहर बुलाकर गोली मारी

हत्या की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ-2 विनीता सिन्हा और अहियापुर थानेदार रोहन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। हत्याकांड में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पत्नी से चल रही थी अनबन

अजीत राय की साल 2011 में शादी हुई थी। बीते दो सालों से पत्नी से उसकी अनबन चल रही थी। छोटे भाई रंजीत ने बताया कि अजीत की गर्लफ्रेंड उसके गांव की ही रहने वाली है। वह एसकेएमसीएच में पहले नर्स का काम करती थी। अभी सरैयागंज में निजी काम कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गोलियों से भूना, चाकू से मारा; रोहतास से दरभंगा तक 6 मर्डर से दहला बिहार

हत्यारों को पता था गर्लफ्रेंड के घर आएगा अजीत

सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस का मानना है कि हत्यारे पहले से डॉक्टर्स कॉलोनी में अजीत राय का इंतजार कर रहे थे। उन्हें पता था कि अजीत अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने वहां जरूर आएगा। उसकी गाड़ी पहुंचने के बाद शूटर एक्टिव हो गए। जैसे ही अजीत गाड़ी लगाकर कमरे में पहुंचा, पीछे से हत्यारे भी पहुंच गए और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अजीत ने एके-47 से मिठनपुरा में किया था मर्डर

अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने बताया कि अजीत राय कुख्यात चुन्नू ठाकुर गैंग का शूटर रहा है। साल 20125 में उसने चुन्नू ठाकुर, मिथिलेश सिंह और अमित सिंह के सात मिलकर मिठनपुरा के तीन कोटिया मोहल्ला में राम प्रवेश सिंह की हत्या की थी। राम प्रवेश सिंह भी अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था और उसे घेरकर एके-47 रायफल से गोलियां बरसाई गई थीं। रामप्रवेश और उसके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस केस में अजीत जेल भी गया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।