शादी से पहले दूल्हे की मौत, हल्दी रस्म में सांप ने डसा; डॉक्टर भी नहीं बचा पाए जान
मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के बड़ी कोरियन गांव में हल्दी रस्म के दौरान एक दूल्हे को सांप ने डस लिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। मगर उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शादी से दो दिन पहले ही दूल्हे की मौत हो गई।

बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज में शादी की खुशियां अचाक मातम में बदल गई। शादी से महज दो दिन पहले दूल्हे को एक जहरीले सांप ने डस लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया। इलाज भी शुरू हो गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दूल्हे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस मौत के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।
यह घटना असरगंज के बड़ी कोरियन गांव की है। यहां के निवासी गणेश सिंह और अर्चना देवी के इकलौते बेटे नीरज कुमार शादी होने वाली थी। घर में सभी मेहमान आ गए थे। शादी का जश्न शुरू हो गया था। बुधवार रात को हल्दी की रस्म निभाई जा रही थी। तभी दूल्हे को सांप ने डस लिया और एकपल में सारी खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को जब घर में हल्दी और मेहंदी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान दूल्हा नीरज के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन पर बात करते हुए वह जैसे ही घर से बाहर निकला, तभी किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने नीरज को घायल अवस्था में तुरंत असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर कामिनी कुमारी ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद दूल्हे को जिंदा करने की जुगत
दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं। वहां चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, जहां विषहरि मंदिर में गुरुवार को झाड़-फूंक और प्रार्थना करने लगे। माता-पिता हाथ जोड़कर अपने बेटे के जीवित होने की मन्नत मांगने लगे।
परिजनों के मुताबिक नीरज की शादी बांका जिले के बेलहर प्रखंड के निवाडीह गांव में तय हुई थी। गुरुवार को मंडप पूजन और शुक्रवार को बारात निकलनी थी। लेकिन शादी से पहले ही इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। सूचना पर मृतक के साला लालो कुमार बड़ी कोरियन गांव पहुंच कर मंदिर में मन्नत मांगने लगे।
फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है। एक पल में शादी की खुशियां गम में बदल गईं। परिजनों की सूचना पर असरगंज थाना के एस आई प्रियंका कुमारी पीटीसी चंदन कुमार मृतक का गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। कागजी कार्रवाई की गई। परिजन ने शव के पोस्टमार्टम के लिए इनकार कर दिया है।
(रिपोर्ट- निरंजन सिंह)




साइन इन