गोपाल खेमका मर्डर: बेऊर जेल के 3 कक्षपाल सस्पेंड, रेड में मोबाइल मिलने पर ऐक्शन, तीन को नोटिस
गोपाल खेमका मर्डर केस मे पटना पुलिस ने बेऊर जेल में छापा मारा। इस दौरान कई मोबाइल बरामद हुए। जिसके बाद जेल के 3 कक्षपाल को निलंबित कर दिया है। वहीं तीन अधिकारियों को नोटिस दिया गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी

पटना की बेऊर जेल में छापेमारी के दौरान वार्ड से मोबाइल बरामद होने के मामले में जेल प्रशासन ने तीन कक्षपालों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, उपाधीक्षक और सहायक अधीक्षक के अलावा दफा प्रभारी को नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड के मामले में सुराग तलाशने को शनिवार को बेऊर जेल में छापेमारी की गई थी। पुलिस को हत्याकांड के तार बेऊर जेल से जुड़े होने की आशंका है।
कारा अधीक्षक नीरज कुमार झा ने बताया कि कक्षपाल अंतोष कुमार सिंह, आशीष कुमार और ओम कुमार गुप्ता को निलंबित किया गया है। वहीं, उपाधीक्षक नीरज कुमार रजक, सहायक अधीक्षक अजय कुमार और दफा प्रभारी गिरीज यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इस मामले में जो भी जेलकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पटना के प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह और रेंज आईजी जितेंद्र राणा के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान जेल के वार्ड की सघन तलाशी ली गई थी। इसमें वार्ड से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए थे। मोबाइल फोन के कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। पुलिस ने जेल के कई कैदियों से पूछताछ भी की थी।




साइन इन