मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं : डॉ प्रेम
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार पर
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गया जिला अतिथि गृह में भाजपा के पश्चिमी मंडल-2 के कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए जनसेवा के संकल्प को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण, उत्साह और सुझाव ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पार्टी विशेष अभियान चलाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाएगी। साथ ही प्रबुद्ध जनों से संवाद स्थापित कर उनके सुझाव और फीडबैक भी लिए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने मंडल और बूथ क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति केंद्र सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे। योग्य लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
बैठक के मुख्य बिंदु
बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मगध प्रमंडल और गया जिले में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इनमें मगध मेडिकल कॉलेज का विस्तार, गया जंक्शन का आधुनिकीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग-82 और 83 का विकास, आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, गया-बोधगया कॉरिडोर तथा डोभी में औद्योगिक गलियारे जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रबुद्ध जनों से भी मुलाकात कर प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। बैठक में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाचार स्रोत
(गया जी से राजेश कुमार मिक्की की रिपोर्ट )
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन