गयाजी में 6 लोगों ने युवती से किया गैंगरेप, चेन पुलिंग के बाद ट्रेन से उतरी थी; रेल यात्रियों में दहशत
गया-पटना रेलखंड पर बेला-नेयामतपुर स्टेशन के बीच रात में एक युवती के साथ 6 लोगों ने गैंगरेप कर दिया। युवती जहानाबाद से ट्रेन में बैठी थी। रास्ते में किसी ने चेन पुलिंग कर दी। युवती गफलत में नीचे उतर गई और आरोपियों ने उसे दबोच लिया।

बिहार के गयाजी में ट्रेन से जा रही एक युवती को सुनसान जगह पर ले जाकर गैंगरेप किए जाने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। घटना गया-पटना रेलखंड पर बेला और नेयामतपुर स्टेशन के बीच शुक्रवार रात को हुई। पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है। वह ट्रेन में सवार होकर अपने ननिहाल नेयामतपुर आ रही थी। रास्ते में चेन पुलिंग होने के बाद वह गफलत में ट्रेन से उतरी, तो 6 से अधिक लोगों ने उसे दबोच लिया। फिर उसके साथ हैवानियत की गई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर कोर्ट में में बयान दर्ज कराया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवती जहानाबाद स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी। बेलागंज स्टेशन सुनसान होने के कारण वह वहां नहीं उतरी और गयाजी जाने का निर्णय लिया।
ट्रेन चलने के कुछ ही देर बाद अज्ञात लोगों ने चेन पुलिंग कर दी। युवती को लगा कि वह नेयामतपुर हॉल्ट पहुंच गई है और यहां से घर चली जाएगी। युवती जैसे ही सुनसान जगह पर उतरी 6 से अधिक बदमाशों ने उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने खुद फोन कर बुलाई पुलिस
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 फोन पर सूचना दी। इसके बाद डायल 112 और बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदेह के आधार पर कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शनिवार को पीड़िता के आवेदन पर छह से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यात्रियों में दहशत का माहौल
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूतों के सैंपल इकट्ठा कराए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है और रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है।
(बेलागंज से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन