बिहार में 13 साल की लड़की से गैंगरेप की कोशिश, चचेरे भाई ने दोस्तों संग बेहरमी से पीटा; दांतों से काटा
पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में गुरुवार रात एक लड़की के साथ चचेरे भाई और उसके दोस्तों ने हैवानियत कर दी। आरोपियों ने पीड़िता के साथ गैंगरेप का प्रयास किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटकर बेहोश कर दिया।

बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में 13 साल की नाबालिग लड़की से हैवानियत का मामला सामने आया है। घटना नेपाल बॉर्डर से सटे रक्सौल थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता गुरुवार रात को घर लौट रही थी, तभी उसके चचेरे भाई और साथियों ने मिलकर रास्ते से जबरन उठा लिया। आरोपी उसे सुनसान खेत में ले गए। उसे दांत से होंठ और शरीर पर कई जगहों पर काटा। उसके साथ गैंगरेप का प्रयास करने लगे। पीड़िता ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे लड़की बेहोश हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता के पिता ने रक्सौल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें 4-5 लड़कों को आरोपी बनाया गया है। रक्सौल थानाध्यक्ष सह ट्रेनी आईपीएस हेमंत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता का आरोप है कि गुरुवार रात को जब वह गवास से लौट रही थी, तब भी उसके चचेरे भाई समेत 4-5 युवकों ने उसे उठाकर गन्ने के खेत में ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया। आरोपियों ने पीड़िता के शरीर पर दांतों से काट दिया और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया।
हैवानियत होने पर पीड़िता चीखने लगी, तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। लड़की की चीख सुनकर परिवार वाले घटनास्थल की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख सभी आरोपी वहां से भाग निकले। घटनास्थल पर पहुंचते ही परिवार वालों ने पीड़िता को खून से लथपथ अस्त-व्यस्त हालत में देखा। इसके बाद पीड़िता बेहोश होकर गिर गई।
परिवार वाले बच्ची को संभालकर आरोपियों के घर इसकी शिकायत करने पहुंचे। वहां पर भी आरोपियों के घर वाले मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पीड़ित परिजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले पीड़ित बच्ची को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए समुचित इलाज के लिए उसे मोतिहारी रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट की वजह से पीड़िता को गंभीर चोटें लगी हैं।
(रक्सौल से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन