Axis Bank Robbery Begusarai Loot Lakhs of Rupees in 10 Minutes criminals firing बेगूसराय में एक्सिस बैंक लूट, फायरिंग कर 10 मिनट में लाखों रुपये ले भागे बदमाश, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बेगूसराय में एक्सिस बैंक लूट, फायरिंग कर 10 मिनट में लाखों रुपये ले भागे बदमाश

बेगूसराय जिले के हसनपुर में स्थित एक्सिस बैंक से मंगलवार को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने लूट कर दी। 3 बाइक पर आए लुटेरों ने फायरिंग कर दहशत मचाई और 10 मिनट में लाखों लूटकर फरार हो गए।

Tue, 24 March 2026 05:57 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, तेघड़ा (बेगूसराय)
share
बेगूसराय में एक्सिस बैंक लूट, फायरिंग कर 10 मिनट में लाखों रुपये ले भागे बदमाश

Axis Bank Loot: बिहार के बेगूसराय जिले में मंगलवार को बैंक लूट हो गई। तेघड़ा के हसनपुर में स्थित एक्सिस बैंक की शाखा से हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत मचाई और कैश लूटकर फरार हो गए। इस दौरान बैंक में मौजूद निजी सुरक्षा गार्ड भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बैंक से 4 लाख रुपये की लूट हुई है। महज 10 मिनट में अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। सूचना पाकर बेगूसराय के एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और बैंक कर्मियों से पूछताछ की।

यह घटना मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। बैंक खुलने के बाद सुबह के समय ज्यादा भीड़ नहीं थी। बैंक में दो से तीन ग्राहक एवं कर्मचारी ही ही मौजूद थे। तभी तीन बाइक पर सवार होकर बदमाश पहुंचे। सभी ने अपने मुंह नकाब से ढके हुए थे। लुटेरों ने सबसे पहले बैंक में मौजूद सुरक्षा गार्ड पर हमला कर जख्मी कर दिया।

इसके बाद फायरिंग करते हुए उन्होंने बैंक में दहशत मचा दी। उन्होंने सभी कर्मचारियों का मोबाइल छीन लिया। फिर लूटपाट करने लगे। बैंक कर्मियों ने बताया कि लुटेरों ने 10 मिनट के भीतर लूटपाट को अंजाम देकर वहां से भाग गए। बैंक पहुंचे एसपी मनीष ने बताया कि लुटेरे अयोध्या चौक के रास्ते से आए तथा लूट की घटना को अंजाम देकर तेघड़ा स्टेशन की ओर भाग निकले।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में गैंगवॉर! कुख्यात अमन शुक्ला की गोली मारकर हत्या, बैंक लूट का आरोपी था

एसपी के द्वारा बताया गया कि लगभग 4 लाख रुपये की लूट होने की संभावना बैंक अधिकारी बता रहे हैं। पुलिस क्षेत्र में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। एसपी के अनुसार जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस लूट की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पाकिस्तानी नंबर से फोन, नेपाली नंबर से ठगी; लंदन के ‘आशिक’ ने लड़की को लूट लिया
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।