जेडीयू के पूर्व विधायक, नीतीश के करीबी रहे मुजाहिद आलम RJD में शामिल, तेजस्वी ने दिलाई पार्टी सदस्यता
नीतीश कुमार के करीबी रहे और जदयू के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने आरजेडी का दामन थाम लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान मुजाहिद आलम ने कहा कि हाल के दिनों में बदली परिस्थितियों के कारण नीतीश कुमार से 15 वर्षों का रिश्ता तोड़ना पड़ा।

किशनगंज के कोचाधामन से पूर्व जेडीयू विधायक मुजाहिद आलम ने सोमवार को विधिवत रूप से राजद की सदस्यता ग्रहण कर ली। मुजाहिद आलम को राजद की सदस्यता ग्रहण कराने को लेकर कोचाधामन प्रखंड के किसान कॉलेज सुंदरबारी में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पहुंच पूर्व विधायक मुजाहिद आलम को राजद की सदस्यता ग्रहण कराई।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मुजाहिद आलम राजद में संविधान व लोकतंत्र को बचाने को लेकर आए हैं, वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ मुजाहिद आलम ने जेडीयू से नाता तोड़ा। सीमांचल में कुछ लोगों की बुरी नजर है, वक्फ कानून के माध्यम से सरकार मुसलमानों की जमीन को हड़पना चाहती है।राजद मजबूती से साम्प्रदायिक शक्तियों से लड़ती आ रही है। लालू यादव, मोदी-शाह के सामने कभी नहीं झुके, और कभी झुकेंगे नहीं।
वहीं इस मौके पर पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने कहा कि 15 वर्षों तक जेडीयू से जुड़ा रहा, राजद से मेरा पुराना नाता रहा है,पूर्व में हम लोग पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के साथ राजद में काम कर चुके हैं। लेकिन हाल के दिनों में बदली परिस्थितियों के कारण नीतीश कुमार से 15 वर्षों का रिश्ता तोड़ना पड़ा। जेडीयू छोड़ने के बाद लोगों की राय आई कि वैसी पार्टी में शामिल हो जो सांप्रदायिक शक्तियों को मजबूती से जवाब दे।
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को बिहार के सत्ता से हटाने तथा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी हमलोग दिल्ली से मोदी शाह को हटाने का काम करेंगे। आपको बता दें जेडीयू के वक्फ संशोधन कानून के समर्थन के बाद से पार्टी के कई मुस्लिम नेता नाराज चल रहे थे।
इस मौके पर वरिष्ठ राजद नेता राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, एमएलसी कारी सोएब आलम, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक सह प्रवक्ता शक्ति यादव,ठाकुरगंज विधायक सऊद आलम, कोचाधामन विधायक मो. हाजी इजहार अशफी, बहादुरगंज विधायक अंजार नईमी, बायसी विधायक सैयद रुकनुद्दीन,जोकीहाट विधायक शहनवाज आलम, राजद नेता देवेन यादव, नुजहत महजबी सहित बड़ी संख्या में राजद के नेता कार्यकर्ता व आमलोग उपस्थित थे।




साइन इन