Former Nawada JDU MLA Kaushal Purnima Yadav join RJD Tejashwi advice to Rajballabh नवादा के MLA रहे कौशल, पूर्णिमा यादव राजद में शामिल; राजबल्लभ को नसीहत दे गए तेजस्वी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नवादा के MLA रहे कौशल, पूर्णिमा यादव राजद में शामिल; राजबल्लभ को नसीहत दे गए तेजस्वी

नवादा में जेडीयू के पूर्व विधायक कौशल और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव ने बुधवार को तेजस्वी यादव की मौजदूगी में राजद का दाम थाम लिया। तेजस्वी ने अपने भाषण के दौरान बाहुबली राजबल्लभ यादव और उनकी विधायक पत्नी विभा देवी को भी नसीहत दे दी।

Wed, 9 July 2025 06:16 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, नवादा
share
नवादा के MLA रहे कौशल, पूर्णिमा यादव राजद में शामिल; राजबल्लभ को नसीहत दे गए तेजस्वी

नवादा से जेडीयू के विधायक रहे कौशल यादव और उनकी पत्नी पूर्णिमा यादव राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल हो गए। पूर्व डिप्टी सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में उन्होंने बुधवार को आरजेडी की सदस्यता ली। इस दौरान पूर्व एमएलसी सलमान रागीव भी आरजेडी में शामिल हुए। गौर करने वाली बात है कि यह कार्यक्रम नवादा में ही आयोजित किया गया। कौशल और पूर्णिमा यादव के आरजेडी में आने के कदम को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले तेजस्वी द्वारा राजबल्लभ यादव की काट निकालने के रूप में देखा जा रहा है। अपने भाषण में तेजस्वी ने राजबल्लभ को इशारों-इशारों में नसीहत भी दी।

नेता प्रतिपक्ष ने नवादा में आयोजित राजद के मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बुधवार को कहा कि नवादा में आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कई लोगों को आगे बढ़ाया है। मगर कोई सोचता है कि वह पार्टी से बड़ा है, तो यह नहीं चलेगा। उनका इशारा राजबल्लभ यादव की ओर था। दरअसल, राजबल्लभ यादव को नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में उम्रकैद की सजा हुई थी। वह फिलहाल जेल में हैं। उनकी पत्नी विभा देवी नवादा से मौजूदा विधायक हैं, 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव जीता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजबल्लभ के परिवार में फूट या लालू का साथ रहा छूट? भतीजे MLC अशोक नीतीश के साथ

बीते कुछ महीनों से राजबल्लभ यादव और उनके परिवार की लालू फैमिली से नाराजगी देखी जा रही थी। लोकसभा चुनाव 2024 में विभा यादव ने पार्टी लाइन से हटकर निर्दलीय उम्मीदवार विनोद यादव के पक्ष में प्रचार किया था। इसके बाद फरवरी 2025 में जब तेजस्वी कार्यकर्ता संवाद यात्रा के तहत नवादा पहुंचे थे, तब आरजेडी के पोस्टर में विभा देवी की तस्वीर को जगह नहीं मिली थी। इसके बाद से ही राजबल्लभ परिवार के आरजेडी से अलग होने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं।

तेजस्वी ने निकाल ली राजबल्लभ की काट

बाहुबली की छवि रखने वाले राजबल्लभ की काट तेजस्वी यादव ने आखिरकार निकाल ही ली। कौशल यादव और पत्नी पूर्णिमा के जेडीयू से राजद में आने पर बड़ा सियासी कदम माना जा रहा है। चर्चा है कि तेजस्वी कौशल या पूर्णिमा को आगामी चुनाव में नवादा से टिकट दे सकते हैं। विभा यादव का टिकट कटना तय माना जा रहा है।

पूर्णिमा यादव नवादा से तीन बार विधायक रहीं। वहीं, उनके पति कौशल यादव ने 2019 के उपचुनाव में जेडीयू के टिकट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2020 में उन्हें राजबल्लभ की पत्नी विभा यादव के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी ने निकाल ली नवादा में राजबल्लभ की काट? कौशल-पूर्णिमा-सलमान RJD में आएंगे

सलमान रागीव भी आरजेडी में आए

कौशल एवं पूर्णिमा यादव के साथ बुधवार को आरजेडी की सदस्यता ग्रहण करने वाले सलमान रागीव नवादा से जेडीयू के जिलाध्यक्ष और एमएलसी रह चुके हैं। वह केंद्र सरकार के वक्फ कानून पर सीएम नीतीश कुमार द्वारा समर्थन किए जाने से नाराज चल रहे थे। उन्होंने पिछले महीने ही जेडीयू छोड़ने का मन बना लिया था।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।