Fight over wheat between cousins elderly man beaten to death in Jehanabad फुफेरे और ममेरे भाइयों में ‘गेहूं’ पर बवाल, जहानाबाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, Bihar Hindi News - Hindustan
More

फुफेरे और ममेरे भाइयों में ‘गेहूं’ पर बवाल, जहानाबाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

जहानाबाद जिले में गेहूं सुखाने को लेकर ममेरे और फुफेरे भाइयों में हुए झगड़े ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। एक बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, चार लोग घायल हुए हैं।

Wed, 23 July 2025 07:30 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, जहानाबाद
share
फुफेरे और ममेरे भाइयों में ‘गेहूं’ पर बवाल, जहानाबाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

बिहार के जहानाबाद जिले में ममेरे और फुफेरे भाइयों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात कल्पा थाना क्षेत्र के रामसे विगहा गांव में बुधवार तड़के करीब 5 बजे हुई। मृतक की पत्नी और बेटा समेत उनके परिवार के 4 लोग घायल हो गए। उनका सदर अस्पताल में इलाज कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पुल पर गेहूं सुखाने को लेकर विवाद हुआ था।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ सदर मनीष चंद्र चौधरी और कल्पा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची एवं जांच की। इस संबंध में एसपी विनीत कुमार ने बताया कि एक दिन पूर्व भी दो पक्षों के बीच आपसी विवाद में झगड़े हुए थे। बुधवार को मारपीट की घटना में मृत व्यक्ति के परिजन के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में पुलिस अग्रेतर कानूनी कार्रवाई कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तकिया से मुंह दबाकर पत्नी की हत्या कर भागा पति, 6 महीने पहले भी जहर दिया था

मृतक कईल यादव (65 वर्ष) के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंपा गया। घायलों में मृतक की पत्नी चिंता देवी, उनका पुत्र विकास कुमार के अलावा उन्ही के परिवार के नीतीश कुमार, कामेश्वर यादव शामिल हैं।

पुल पर गेहूं सूखाने को लेकर हुआ था विवाद

घटना के संबंध में बताया गया है कि मंगलवार को एक पुल पर गेहूं सूखाने को लेकर ममेरे-फुफेरे भाइयों के परिवार के लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुल पर से गेहूं हटाने को लेकर कहासुनी के बीच तनातनी हुई थी। भीतर ही भीतर दोनों परिवारों के बीच तनाव गहराया हुआ था।

घायल चिंता देवी और उनके बेटे विकास कुमार ने बताया कि बुधवार की अहले सुबह वे लोग अपने घर में थे। महिला ने कहा कि उनके पति शौच करके बिछावन ठीक कर रहे थे। उनका बेटा विकास घर में ही सोया हुआ था। इस दौरान करीब एक दर्जन आरोपियों का गिरोह लाठी, डंडा, फसूली एवं अन्य हथियार लेकर आ धमके और गालियां दीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भोजपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त भी घायल; पहले भी हुए थे दो मर्डर

इसके बाद उनके बेटे को घर से खींचकर मारपीट करने लगे। वृद्ध पिता ने बेटे को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके पति को बेरहमी से पीटा जिससे उनकी जान चली गयी। यह भी जानकारी दी है कि हमलावरों ने उनके परिवार के अन्य लोगों को भी घायल कर दिया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।