fear of land mafia will end the government is creating a new mechanism Vijay Sinha said on Republic Day भू माफिया का खौफ खत्म होगा, सरकार बना रही नया मैकेनिज्म; गणतंत्र दिवस पर बोले विजय सिन्हा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

भू माफिया का खौफ खत्म होगा, सरकार बना रही नया मैकेनिज्म; गणतंत्र दिवस पर बोले विजय सिन्हा

मुजफ्फरपुर में गणतंत्र दिवस समारोह में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भू-माफिया से भयमुक्त कराने को सरकार मैकेनिज्म बना रही है, जिसका असर मार्च तक दिखेगा। भूमि दस्तावेज ऑनलाइन होने से लोगों को राहत मिली है। उन्होंने परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया।

Mon, 26 Jan 2026 04:25 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share
भू माफिया का खौफ खत्म होगा, सरकार बना रही नया मैकेनिज्म; गणतंत्र दिवस पर बोले विजय सिन्हा

मुजफ्फरपुर जिले में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने झंडोत्तोलन कर उपस्थित लोगों को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियों बताईं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भू-माफिया से आम लोगों को भयमुक्त कराने के लिए एक प्रभावी मैकेनिज्म विकसित कर रही है, जिसका असर अगले मार्च तक स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगेगा।

उन्होंने बताया कि भूमि अभिलेखों में व्याप्त गड़बड़ियों को दूर करने के लिए सरकार ने राजस्व महा अभियान चलाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अब भूमि से संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणिक प्रतियां ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे भूमि मालिकों को अंचल कार्यालय या अन्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान जिले में अपराध की घटनाओं में कमी आई है। राज्य सरकार कानून के सख्त पालन और सुशासन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाएं विकास की नई गाथा लिख रही हैं और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फोन नहीं उठा तो एक्शन में आए विजय सिन्हा,राजस्व विभाग के टोल फ्री सेंटर पहुंच गए
ये भी पढ़ें:दाखिल-खारिज के मामलों में देरी पर सख्त हुए विजय सिन्हा; अधिकारियों को अल्टीमेटम

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने होमगार्ड, मद्यनिषेध विभाग, सैफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त परेड की सलामी ली तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों का अवलोकन किया। सुजनी कला में उत्कृष्ट योगदान के लिए गायघाट की निर्मला देवी को सम्मानित किया गया।

सलामी परेड में प्रथम स्थान होमगार्ड प्लाटून-एक, दूसरा स्थान मद्यनिषेध विभाग और तीसरा स्थान एनसीसी गर्ल्स ग्रुप को प्राप्त हुआ। वहीं झांकियों में शिक्षा विभाग प्रथम, जिला विकास अभिकरण द्वितीय और जिला पुलिस विभाग तृतीय स्थान पर रहा। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले कई राहवीरों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।