eou raid at corrupt District Sub-Registrar amrendra kumar house in patna chapra and supaul बिहार में भ्रष्ट रजिस्ट्रार पर EOU का शिकंजा, पटना-छपरा और सुपौल समेत 4 ठिकानों पर रेड, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में भ्रष्ट रजिस्ट्रार पर EOU का शिकंजा, पटना-छपरा और सुपौल समेत 4 ठिकानों पर रेड

यह भी बताया जा रहा है कि ईओयू ने सत्यापन के क्रम में जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के पास कुल 1,10,64,000 रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाया है।

Wed, 6 May 2026 10:27 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, नवीन कुमार, सुपौल
share
बिहार में भ्रष्ट रजिस्ट्रार पर EOU का शिकंजा, पटना-छपरा और सुपौल समेत 4 ठिकानों पर रेड

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सुपौल के जिला अवर निबंधक अमरेंद्र कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-06/26, दिनांक 05 मई 2026 को दर्ज करते हुए बुधवार को उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई। बिहार पुलिस मुख्यालय (आर्थिक अपराध प्रभाग) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वस्त स्रोतों से प्राप्त सूचना के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि अमरेंद्र कुमार ने 1 करोड़ 10 लाख 64 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 65.08 प्रतिशत अधिक है।

मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। बुधवार सुबह टीमों ने पटना के आशियाना दीघा रोड स्थित राज अपार्टमेंट के फ्लैट, सारण (छपरा) स्थित पैतृक आवास और सुपौल में स्थित कार्यालय व किराये के मकान सहित कुल चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भाजपा और जदयू से 16-16, HAM से 1;सम्राट कैबिनेट में कितने मंत्री ले सकते हैं शपथ
ये भी पढ़ें:मैथिली मंत्री की रेस में, जदयू से श्याम रजक; बिहार में ये चेहरे ले सकते हैं शपथ

तलाशी के दौरान दस्तावेजों और संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है। ईओयू अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस कार्रवाई से विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। यह भी बताया जा रहा है कि ईओयू ने सत्यापन के क्रम में जिला अवर निबंधक के पास कुल 1,10,64,000 रूपये आय से अधिक सम्पति अर्जन करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाया है।

बीडीओ के घर छापेमारी

इधर छपरा जिले के मढ़ौरा के गौरा थाना क्षेत्र के मसाहा-जवईनिया गांव में बुधवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने रिटायर्ड बीडीओ के घर भी छापेमारी की है। घर की तलाशी लगातार जारी है। ईओयू की टीम कागजातों की भी छानबीन कर रही है। छापेमारी में सहयोग के लिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर है मौजूद। कार्रवाई में शामिल अधिकारी मीडिया को किसी भी तरह की जानकारी देने से परहेज कर रहे हैं। इस रेड को लेकर इलाके में सनसनी मची है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।