पटना में स्विगी डिलीवरी बॉय ने कारोबारी पर कट्टा तान चला दी गोली, हाथापाई के बाद भीड़ ने पकड़ा
आरोपित वर्तमान में स्विगी में डिलीवरी बॉय है। शम्भू सिंह का राजीव नगर में भी एक मार्केट है। कोरोना काल से पहले आरोपित ने किराये पर यहां दुकान लेकर चाउमीन की दुकान खोली थी, लेकिन दो महीने में ही दुकान बंद कर दी थी। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे करीब 10 लाख का नुकसान हुआ।

पटना में कुर्जी इंडस्ट्रियल स्टेट रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक बदमाश ने कारोबारी शम्भू सिंह पर गोली चला दी। कारोबारी की सूझबूझ और साहस के कारण उनकी जान बच गई। फायरिंग के दौरान कारोबारी ने बदमाश का हाथ पकड़ लिया और गोली हवा में चल गई। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे शम्भू सिंह किसी काम से बाहर गए थे। लौटकर जैसे ही वे अपनी कार से उतरकर घर में प्रवेश करने लगे, तभी पहले से घात लगाए बदमाश ने पीछे से दौड़कर उन पर कट्टा तान दिया। शम्भू सिंह ने साहस दिखाते हुए बदमाश का हाथ पकड़ा और गोली हवा में चल गई।
इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई। कारोबारी की पत्नी और नौकर ने शोर मचाया। इससे आसपास के लोग जुट गए और बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। लोगों ने उसकी खूब पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान सिकंदर उर्फ राहुल बिक्रम के रूप में हुई है। दीघा थानाध्यक्ष संजीव कुमार और विधि-व्यवस्था एसडीपीओ दिव्यांजलि मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी ली। बदमाश से एक कट्टा, एक पिस्टलनुमा लाइटर, दो कारतूस और दो चाबियां बरामद हुईं। इनमें एक चाबी बाइक की और दूसरी चारपहिया वाहन की बताई जा रही है।
कारोबारी से रंगदारी मांगने में जा चुका है जेल: पीड़ित कारोबारी ने बताया कि उनकी बेटी की सगाई बुधवार को है, जिसकी तैयारी में परिवार जुटा था। वर्ष 2024 में उसने शम्भू सिंह से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दुकान खाली कराने से नाराज है आरोपित
आरोपित वर्तमान में स्विगी में डिलीवरी बॉय है। शम्भू सिंह का राजीव नगर में भी एक मार्केट है। कोरोना काल से पहले आरोपित ने किराये पर यहां दुकान लेकर चाउमीन की दुकान खोली थी, लेकिन दो महीने में ही दुकान बंद कर दी थी। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे करीब 10 लाख का नुकसान हुआ। नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) पटना भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्जी मोड़ के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बदमाश को एक पिस्टल और एक कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर पूर्व से विवाद की बात सामने आई है।




साइन इन