Panic after receiving threatening note at NEET girl student home amid police security ज्यादा तेज बनोगे तो मार दिए जाओगे, नीट छात्रा के घर पुलिस सिक्योरिटी के बीच पर्चा मिलने से दहशत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

ज्यादा तेज बनोगे तो मार दिए जाओगे, नीट छात्रा के घर पुलिस सिक्योरिटी के बीच पर्चा मिलने से दहशत

जहानाबाद जिले में मृतक नीट छात्रा के पैतृक घर में पुलिस सिक्योरिटी के बीच एक धमकी भरा पर्चा मिलने से दहशत फैल गई है। इस पर्चे में जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे परिवार वाले घबरा गए हैं। 

Sat, 14 Feb 2026 07:56 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज संवाददाता, रतनी (जहानाबाद)
share
ज्यादा तेज बनोगे तो मार दिए जाओगे, नीट छात्रा के घर पुलिस सिक्योरिटी के बीच पर्चा मिलने से दहशत

बिहार की राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा की मौत के सदमे में डूबे परिजन को पर्चा फेंककर धमकी देने का मामला सामने आया है। छात्रा के पैतृक गांव स्थित घर में किसी अनजान शख्स ने धमकी भरा पर्चा फेंककर सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह 11 बजे रसोई की खिड़की पर पर्चा रखा हुआ मिला। उसमें लिखा है कि ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे। धमकी भरा पर्चा मिलने के बाद छात्रा का पूरा परिवार दहशत में आ गया है।

हैरत कि बात है कि पर्चा ऐसे समय में फेंका गया है जब छात्रा का पूरा परिवार एवं घर पुलिस की अभिरक्षा में है। करीब एक सप्ताह से छात्रा के घर पर एक एसआई, दो होमगार्ड एवं एक चौकीदार की ड्यूटी लगी है। पुलिस सिक्योरिटी के बावजूद धमकी भरा पर्चा मिलने से सवाल उठने लगे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पूर्व आईपीएस अमिताभ दास गिरफ्तार, नीट छात्रा मौत पर विवादित टिप्पणी पर एक्शन

पुलिस क्या बोली?

सूचना मिलने पर शकूराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार गांव पहुंचे और पर्चे को जब्त करते हुए मामले की पड़ताल शुरू की है। उन्होंने बताया कि पर्चा का सत्यापन किया जा रहा है, प्रथम दृष्टया यह असामाजिक तत्वों की करतूत मालूम पड़ती है। पर्चा की सत्यता जल्द ही सामने आ जाएगी।

जहानाबाद की छात्रा की पटना में हुई थी मौत

गौरतलब हो कि पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की पिछले महीने मौत हो गई थी। वह 6 जनवरी को अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश मिली थी। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना: नीट छात्रा मौत मामले में SIT ने लिए डीएनए के 3 नमूने, वीर्य से होगा मिलान

पुलिस ने इसे पहले सुसाइड बताया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आने पर जांच की दिशा बदल गई। परिजन ने छात्रा के साथ बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई। इस मामले की जांच अभी सीबीआई कर रही है। इससे पहले पटना पुलिस और फिर एसआईटी ने मामले की जांच की थी।

फोरेंसिक की बायोलाजिकल जांच में छात्रा केअंत:वस्त्र पर पुरुष के स्पर्म की पुष्टि होने पर एसआइटी ने गांव के भी एक दर्जन से ज्यादा लोगों का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया था। इस मामले में न्याय की मांग को लेकर बीते 8 फरवरी को छात्रा के परिजन ने दिल्ली के जंतर- मंतर पर जाकर भी प्रदर्शन किया था।

दरअसल, घर वाले इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के जज की निगरानी कराने की मांग कर रहे हैं। साथ ही वे पुलिस, हॉस्टल और डॉक्टरों की भूमिका पर भी सवाल उठा रहे हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।