संजय सरावगी बने बिहार BJP अध्यक्ष, दरभंगा MLA को मिली पार्टी में दिलीप जायसवाल की कुर्सी
दरभंगा के विधायक और नीतीश सरकार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे। सराओगी वैश्य समाज से आते हैं।

नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद बिहार बीजेपी की कमान बदल गई है। दरभंगा के विधायक और नीतीश सरकार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे। सरावगी वैश्य समाज से आते हैं। पिछली सरकार में उन्हें भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग का मंत्री बनाया गया था।
2025 के विधानसभा चुनाव में संजय सरावगी ने दरभंगा में छठी बार जीत दर्ज की। लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान नहीं दिया गया। माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। दूसरी ओर मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को उद्योग विभाग का मंत्री बनाया दिया गया। यह तय हो गया था कि जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ेगा क्योंकि भाजपा में एक व्यक्ति एक पद की परंपरा है।
सरावगी सरकार में मंत्री के साथ सचेतक भी रह चुके हैं। पार्टी और संगठन का उन्हें काफी अनुभव है। वे पहली बार फरवरी 2005 में विधायक बने थे। अक्टूबर 2005 मिड पोल में भी जीत गए। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 2010 में दरभंगा से आरजेडी के उम्मीदवार को 26,000 वोटों के अंतर से हरा दिया और दूसरी बार विधायक चुने गए। 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज किया। तब भारतीय जनता पार्टी जदयू से अलग होकर चुनाव लड़ रही थी। सरावगी ने महागठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व महापौर ओम प्रकाश खेरिया को 7000 वोटों के अंतर से पराजित किया। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी के उम्मीदवार अमरनाथ गामी को 10,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। 2018 में उन्हें प्राकल्लन समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया।
बीजेपी ने एक बार फिर बिहार भाजपा की कमान वैश्य नेता के हाथों में दिया है। उनसे पहले वैश्य समाज के दिलीप जायसवाल और संजय जायसवाल प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। सरावगी को तत्काल प्रभाव से प्रदेश अध्यक्ष का जिम्मा सौंप दिया गया है। बिहार बीजेपी के लिए यह दोहरी खुशी का सोमवार है।




साइन इन