Bihar Top News Today 15 December BJP working president Nitin Nabin JP Nadda Nitish Kumar Samrat Lalu Tejaswi updates Bihar Top News Today: संजय सरावगी बिहार बीजेपी के अध्यक्ष बने, नितिन नवीन ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Top News Today: संजय सरावगी बिहार बीजेपी के अध्यक्ष बने, नितिन नवीन ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला

संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। नितिन नवीन ने बीजेपी कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। जमुई में जेवर कारोबारी के घर से 60 लाख लूट लिए। मुजफ्फरपुर में एक पिता ने अपनी तीन बेटियों के साथ खुदकुशी कर ली। 

Mon, 15 Dec 2025 05:21 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
Bihar Top News Today: संजय सरावगी बिहार बीजेपी के अध्यक्ष बने, नितिन नवीन ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला

Bihar Top News Today 15 December: दरभंगा विधायक संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने दिलीप जायसवाल का स्थान लिया है। मंत्री नितिन नवीन बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें अपने हाथों से कुर्सी पर बैठाया। अमित शाह ने गुलदस्ता देकर बधाई दी। इससे पहले मुख्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। जमुई में डकैतों ने एक जेवर कारोबारी के घर धावा बोलकर 60 लाख के गहने लूट लिए। मुख्यालय में उनके स्वागत खरमास बाद उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है। कटिहार में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद सड़क पर जमकर बवाल हुआ। मुजफ्फरपुर के सकरा में एक पिता ने अपने तीन बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दो बेटों के गले में फंदा डाल दिया था पर बच गए। बिहार में जमीन की खरीद महंगी हो जाएगी। सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी चल रही है। पटना में शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है। बिहार में क्राइम, पॉलिटिक्स व अन्य खबरों की अपडेट लाइव हिन्दुस्तान पर पढ़ें।

संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के अध्यक्ष

बिहार बीजेपी की कमान बदल गई है। दरभंगा के विधायक और नीतीश सरकार के पूर्व मंत्री संजय सरावगी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वे उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे। सरावगी वैश्य समाज से आते हैं। सरावगी सरकार में मंत्री के साथ सचेतक भी रह चुके हैं। पार्टी और संगठन का उन्हें काफी अनुभव है।

प्रेमी से खफा प्रेमिका नदी में कूदी; एक हाथ और दोनों पैर टूटे

मुजफ्फरपुर शहर के अखाड़ाघाट पुल पर सोमवार की दोपहर एक युवती ने बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी। बताया जाता है कि युवती प्रेम प्रसंग में मिले धोखे से आहत थी। वह मरना चाहती थी और आत्महत्या करने के लिए ऊंचे पुल से नदी में कूद गयी थी। हालांकि नदी के पिलर से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से चोटिल हो गई। उसके बाद नीचे पानी में गिरी। लेकिन मौके पर मौजूद मछुआरों की तत्परता से उसकी जान बच गई।

12 परिवार के 27 घर जलकर राख, लाखों का नुकसान

अररिया के कुर्साकांटा प्रखंड के शंकरपुर पंचायत के सिझुआ वार्ड संख्या 12 में रविवार की रात आग लगने से 12 परिवार के 27 घर जलकर राख हो गये। अगलगी की इस घटना में अनाज, बर्तन, कपड़ा, मोटरसाइकिल, होंडा मशीन, टायर गाड़ी, आवश्यक कागजात सहित दस लाख से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों की मदद व दो दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका। आधिकांश अग्निपीड़ित किसान हैं। अग्निपीड़ितों में अनोज राय, मनोज राय, रंजीत राय, राजेश कुमार, देवानन्द राय, रामानन्द राय, मायानन्द राय, जयश्री लाल राय, मोसामात भबरी, मोसामात सोनिया, जगदेव राय, मकेश्वर राय शामिल हैं।

हमसफर एक्सप्रेस छूटा यात्री ट्रैक पर दौड़ने लगे यात्री

मुजफ्फरपुर में कटिहार-दिल्ली 15705 चंपारण हमसफर एक्सप्रेस छूटने के बाद कुछ यात्री पटरी पर ही दौड़ लगाने लगे। हालांकि यह दौड़ काम नहीं आया। ट्रेन रफ्तार पकड़ ली और आगे निकल गई। वहीं, आरपीएफ जवान ने यात्रियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद यात्री माफी मांगने लगा। फिर वह आगे बढ़ गया। दरअसल, 15707 चंपारण हमसफर अपने नियत समय दोपहर 12.45 बजे,से नौ मिनट लेट दोपहर 12.54 बजे प्लेटफॉर्म दो पर आई। दो मिनट के अतिरिक ठहराव के बाद कपरपूरा के लिए रवाना हो गई। इस दौरान कुछ यात्रियों की ट्रेन छूट गई। वे प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए थे। इस बीच ट्रेन थोड़ी धीमी हुई तो वे लोग ट्रैक पर ही दौड़ने लगे। हालांकि ट्रेन ब्रेक टेस्टिंग के बाद अपनी रफ्तार पकड़ ली।

नशे में टल्ली 5 आरकेस्ट्रा गर्ल गिरफ्तार

पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में इस कानून को ठेंगा दिखाया जा रहा है। उत्पाद विभाग और पुलिस टीम ने लखीसराय में पांच आर्केस्ट्रा डांसर को नशे की हालत में गिरफ्तार किया है। पकड़ी गईं लड़कियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोगों का कहना है कि पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद लखीसराय जिले में शराब का अवैध कारोबार लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन और उत्पाद विभाग शराब की बिक्री, आपूर्ति और सेवन पर पूरी तरह रोक नहीं लगा पा रही है।

तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, गांव में मातम

बांका के चान्दन थाना क्षेत्र के लठाने गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतक दोनों सगे भाई-बहन बताए गए हैं। मृतकों की पहचान पियूष कुमार (8 वर्ष) और गुड़िया कुमारी (11 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे लठाने गांव निवासी किशन यादव के पुत्र-पुत्री थे।

बांका में युवक का शव मिलने से सनसनी

बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठौर के समीप चांदन नदी के किनारे सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे शव देखे जाने की सूचना अमरपुर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार शव की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के शिकानपुर गांव निवासी क्रांति यादव के रूप में की जा रही है। शव नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

जमुई में 60 लाख की लूट

बिहार के जमुई में अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी के घर पर धावा बोल दिया। डकैतों ने करीब 60 लाख के गहने लूट लिए। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के महादेव सिमरिया की है। पीड़ित मुकेश साव ने बताया कि करीब 2 घंटों तक डकैतों ने घर में तांडव किया। घर के आगे दुकान है जिसका गोदाम घर में है। पुलिस छानबीन कर रही है।

लैंड फॉर जॉब केस में सुनवाई टली

लैंड फॉर जॉब केस में लालू, तेजस्वी, राबड़ी समेत सभी अभियुक्तों के खिलाफ आरोप गठन पर राउज एवेन्यू कोर्ट में चल रही सुनवाई फिर टल गई है। अगली सुनवाई अब 19 दिसम्बर को होगी। लालू परिवार को फिलहाल चार दिनों की राहत मिल गई है। सीबीआई ने सबके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दिया है। आरोप गठन पर कोर्ट को फैसला लेना है।

इस्कॉन मंदिर की खिड़की से गिरी बच्ची की मौत

पटना में इस्कॉन मंदिर की खिड़की से गिरकर घायल हुई छह साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 12 दिसंबर की है जब बच्ची गिर गई थी। उसे पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के लोग इस्कॉन मंदिर में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। खेलते खेलते बच्ची छत से नीचे से गिर गई और सिर में चोट आने से जख्मी हो गई। उसे तत्काल पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्ची बिहार के एक पूर्व डीजी के परिवार की है

बीजेपी के लोकतंत्र पर विश्वास नहीं

नितिन नवीन को बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि पहले चुनाव से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते थे। अब ऐसा नहीं हो रहा बीजेपी को लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है।

बंगाल चुनाव से पहले नितिन नवीन का बीजेपी में क्यों बढ़ा ओहदा?

भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में बिहार ने लंबी छलांग लगाई है। राज्य के पथ निर्माण और नगर विकास मंत्री और पार्टी के युवा नेता नितिन नवीन को भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। पार्टी की परिपाटी के आधार पर उन्हें संभावित राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। नितिन नवीन की ताजपोशी इससे भी जोड़कर देखी जा रही है। बंगाल में बड़ी संख्या में बिहारी वोटर और उनके स्वजातीय कायस्थ मतदाता हैं।

02 मार्च तक जनसेवा एक्सप्रेस कैंसिल

पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन से अमृतसर तक चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14617 कोहरे के कारण 3 दिसम्बर से 2 मार्च तक कैंसिल रहेगी, जबकि गाड़ी संख्या 14618 अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट तक आने वाली जनसेवा एक्सप्रेस 1 दिसम्बर से 28 फरवरी तक कोहरे के कारण कैंसिल की गयी है। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि कोहरे के कारण जनसेवा एक्सप्रेस कैंसिल की गयी है।

नितिन नवीन ने महावीर मंदिर में पूजा की

दिल्ली जाने से पहले नितिन नवीन ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाकर हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर के संस्थापक आचार्य किशोर कुणाल को श्रद्धांजलि दी। कहा कि बीजेपी में एक आम कार्यकर्ता की मेहनत को सम्मान मिला है। बंगाल चुनाव पर कहा कि बीजेपी चुनाव के लिए हमेश तैयार रहती है।

नितिन नवीन जा रहे दिल्ली

बीजेपी के नव मनोनित कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दिल्ली जा रहे हैं। वे अपना कार्यभार आज ग्रहण करेंगे। सुबह 8 बजे उन्हें निकलना था। पर मौसम के कारण फ्लाइट में दिक्कत से देर हुई। दिल्ली में बिहारी व्यंजनों के साथ उनके स्वागत की भव्य तैयारी की गई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।