तेजस्वी को 24 सीटों की लिस्ट देकर CPI बोली- पिछले चुनाव में भी माले से ज्यादा चाहिए थी
सीपीआई नेता ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में माले ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था। ऐसे में सीपीआई को 20 सीटें मिलनी चाहिए थीं। इस बार हमारी 24 सीटों पर तैयारी है, इसकी सूची तेजस्वी यादव को सौंप दी गई है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर चर्चा चल रही है। इस बीच लेफ्ट पार्टी सीपीआई ने इंडिया अलायंस की कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष तेजस्वी यादव को 24 सीटों की लिस्ट सौंपी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने यह भी कहा कि उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में सहयोगी दल भाकपा-माले से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए थी। बता दें कि पिछली बार सीपीआई ने महागठबंधन में रहकर 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 2 पर जीत दर्ज की थी।
सीपीआई के 24 विधानसभा सीटों पर दावा करने से सियासी पारा गर्मा गया है। सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा ने सोमवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में 6 सीटों पर हमने चुनाव ड़ा था। मगर पार्टी उससे अभी अधिक सीटों पर लड़ने के लिए तैयार थी।
सीपीआई के राज्य सचिव राम नरेश पांडेय ने कहा कि माले को पिछले चुनाव में 19 सीटें दी गई थीं, तो भाकपा को भी 20 सीटें मिलनी चाहिए थी। सीपीआई ने कहा कि उनकी इस बार 24 सीटों पर तैयारी है। इसकी सूची तेजस्वी को सौंप दी गई है। अन्य दलों ने भी अपनी-अपनी सीटों की सूची दी है।
बिहार में आगामी अक्टूबर और नवंबर के महीने में विधानसभा चुनाव संभावित है। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, तीनों लेफ्ट पार्टियां-सीपीआई, सीपीएम एवं सीपीआई-माले और वीआईपी यानी कुल 6 दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। पशुपति पारस की रालोजपा के भी गठबंधन में आने पर बात चल रही है।
दूसरी ओर, बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन की कोऑर्डिनेशन कमिटी और अन्य उपसमितियां बनाई गई हैं। इनकी लगातार बैठकें हो रही हैं। पिछले सप्ताह हुई बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने कहा था कि सीटों पर चर्चा शुरू हो गई है। सीट बंटवारे का फॉर्मूला फाइनल होने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया था कि सीटों को लेकर गठबंधन में कोई विवाद नहीं है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के आधार पर)




साइन इन