महागठबंधन में सीट शेयरिंग से पहले कांग्रेस ने फाइनल किए 60 प्रत्याशी, कल राहुल-तेजस्वी की मुलाकात
महागठबंधन में अभी सीट बंटवारे पर सहमति बनी नहीं है। बैठकों का दौर चल रहा है। कल राहुल गांधी से मिलने तेजस्वी दिल्ली जाएंगे। लेकिन उससे पहले कांग्रेस ने 60 सीटों पर अपने प्रत्याशी फाइनल कर लिए हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन अजय माकन की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी जोरों पर है। अभी महागठबंधन में सीटें बंटी नहीं है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की बैठक होनी है। लेकिन उससे पहले कांग्रेस ने 60 सीटों पर प्रत्याशी के नाम तैयार कर लिए हैं। शनिवार को कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले सब कमेटी की बैठक में इस पर विचार किया गया। स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन अजय माकन की अध्यक्षता में शनिवार शाम चार बजे से ऑनलाइन बैठक शुरू हुई। पटना से अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और तीनों प्रभारी सचिव बैठक से जुड़े।
अब महागठबंधन समन्वय समिति के चेयरमैन तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी हुई है। दोनों पार्टी के नेताओं के बीच मुलाकात में सीट बंटवारे का फार्मूला सुलझ जाने के आसार हैं। यह मुलाकात रविवार को दिल्ली में होने के आसार हैं। महागठबंधन सूत्रों का कहना है कि जिन सीटों की अदला-बदली होनी है, उस पर सहमति बना ली जाएगी।
इसके बाद सोमवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। उसमें प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। बता दें कि केंद्रीय चुनाव समिति इससे पहले 25 सीटों पर प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप दे चुकी है। पार्टी इस रणनीति पर काम कर रही है कि किसी भी सूरत में 13 अक्तूबर को पहले चरण के प्रत्याशी के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।




साइन इन