सम्राट चौधरी के आप्त सचिव होंगे रणजीत, इन मंत्रियों को भी मिले पर्सनल सेक्रेटरी; देखें लिस्ट
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आप्त सचिव बिप्रसे अधिकारी रणजीत कुमार होंगे। इसके अलावा, अशोक चौधरी, सुनील कुमार, लखेंद्र पासवान, श्वेता गुप्ता समेत अन्य मंत्रियों को भी आप्त सचिव मिल गए हैं।
बिहार में नई सरकार के गठन और कैबिनेट विस्तार के बाद प्रशासनिक फेरबदल जारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य मंत्रियों के साथ नए आप्त सचिव की तैनाती कर दी गई है। बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचना जारी की। विभाग के अनुसार सीएम सम्राट चौधरी का आप्त सचिव पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे बिहार प्रशासनिक सेवा (बिप्रसे) के पदाधिकारी रणजीत कुमार को बनाया गया है।
इसके अलावा, कुछ अन्य मंत्रियों के भी पर्सनल सेक्रेटरी की तैनाती कर दी गई है। विनोद कुमार पंकज को एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन का आप्त सचिव बनाया गया है। वहीं, इश्तेयाक अजमल को ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार का आप्त सचिव नियुक्त किया गया है।
इसी तरह, योजना एवं विकास विभाग के अपर सचिव सुधांशु शेखर को समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता का आप्त सचिव बनाया गया है। बिमल कुमार सिंह उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के आप्त सचिव होंगे। संजीव कुमार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी का आप्त सचिव नियुक्त किया गया है। मनीष शर्मा को पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का आप्त सचिव बनाया गया है।
वहीं, नलिन कुमार को भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह का आप्त सचिव तैनात किया गया है। ये सभी बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि अन्य मंत्रियों के आप्त सचिवों की भी जल्द तैनाती कर दी जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने एक अन्य आदेश में शुभम सिंह को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में आशुलिपिक तैनात किया है। वह पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।
मलमास मेला में बिप्रसे अधिकारियों की लगी ड्यूटी
वहीं, विभाग ने एक अन्य आदेश में बिहार प्रशासनिक सेवा के 4 पदाधिकारियों की ड्यूटी नालंदा जिले के राजगीर में आयोजित होने वाले मलमास मेला में लगाई है। इनमें जहानाबाद के जिला योजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, जहानाबाद के जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी हेमंत कुमार, भोजपुर के वरीय उप समाहर्ता मोईज जिया और शेखपुरा के जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी खिलाफत अंसारी शामिल हैं। इनकी तैनाती 15 जून 2026 तक रहेगी।
नई सरकार के गठन के बाद प्रशासनिक फेरबदल
बता दें कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पिछले महीने नई सरकार का गठन हुआ था। 8 मई को सम्राट कैबिनेट का विस्तार किया गया, जिसमें सीएम और दो डिप्टी सीएम के अलावा 32 नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। सभी मंत्रियों को उसी दिन विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया।
कैबिनेट विस्तार के बाद अब प्रशासनिक फेरबदल का दौर चल रहा है। पिछले दिनों सम्राट सरकार ने 12 सीनियर आईएएस अधिकारियों का तबादला कर विभिन्न विभागों में सचिव, अपर मुख्य सचिव और प्रधान सचिव तैनात किए थे। आने वाले दिनों में और भी प्रशासनिक अधिकारियों का फेरबदल होने की संभावना है।




साइन इन