सीएम सम्राट चौधरी का ऐलान, स्कूली बच्चों को इन 4 जगहों पर घुमाएगी सरकार; इन विभागों को निर्देश
सीएम ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग से समन्वय स्थापित कर बापू टावर में अधिक-से-अधिक लोगों के भ्रमण की सुविधा सुनिश्चित करायें।

Samrat Choudhary: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों के शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत बच्चों को बापू टावर, बिहार संग्रहालय, पटना म्यूजियम, साइंस सिटी का रूट बनाकर भ्रमण करायें। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिया कि पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग से समन्वय स्थापित कर बापू टावर में अधिक-से-अधिक लोगों के भ्रमण की सुविधा सुनिश्चित करायें। इससे बापू से जुड़े कार्य उनके विचार और आदर्श के बारे में लोग अच्छी तरह से जान सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को गर्दनीबाग में बापू टावर का भ्रमण किया और इसके भूतल, प्रथम, द्वितीय, तीसरा तल, चौथा एवं पांचवें तल पर जाकर विभिन्न दीर्घाओं में प्रदर्शों का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बापू टावर महात्मा गांधी के स्थायी विरासत और प्रदर्शों का प्रमाण है। बापू टावर बहुत ही अच्छा बना है, यह लोगों के लिए दर्शनीय और उपयोगी है। बापू की जीवनी, उनके विचारों और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी एवं देश के अन्य हिस्सों से आए लोग यहां आकर बेहतर ढंग से चीजों को जान सकेंगे। यहां बापू के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनायें, गांधी जी के विचार, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका, बिहार से उनके लगाव तथा बापू के आदशों को बेहतर ढंग से रेखांकित कर प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया बापू टावर परिसर एवं इसके आसपास हरियाली को और अधिक विकसित करायें।
उन्होंने परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। बापू की जीवनी, उनके आदर्शों एवं कार्यों तथा बिहार की गौरव गाथा पर आधारित फिल्म को देखा। ‘सत्याग्रह-बापू टावर का प्रकाशन’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा, बापू टावर के निदेशक सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।
स्कूली बच्चे और ग्रुप में आनेवालों को नि:शुल्क प्रवेश
भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को महात्मा गांधी के जीवन से संबंधित सभी जानकारियां, म्यूरल, कटआउट, स्क्रीन प्रोजेक्टर आदि के माध्यम से प्रदर्शों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बापू टावर में भ्रमण के लिए स्कूली बच्चे और ग्रुप में आनेवाले लोगों को निःशुल्क प्रवेश की अनुमति है। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान प्रेक्षागृह, प्रतीक्षा कक्ष, लाउंज, बापू के आदर्शों को आमजन में स्थापित करने के लिए कार्यों के प्रदर्शन के लिए दीर्घा, अनुसंधान केन्द्र, आगंतुक सुविधायें एवं अन्य संरचनाओं की जानकारी ली। शिक्षा विभाग के द्वारा सभी विद्यालयों में पढ़ने के लिए तैयार किताब ‘बापू की पाती’ एवं ‘मोहन से महात्मा’ को भी डिजीटल रूप में बच्चों की सुलभ जानकारी के लिए प्रदर्शित किया गया है, जिसको मुख्यमंत्री ने देखा।




साइन इन