डॉग बाबू, पिता-कुत्ता बाबू; पटना में कुत्ते की तस्वीर वाला आवास प्रमाण पत्र; आवेदक और अधिकारियों पर FIR
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि मामला बहुत गंभीर है। इस मामले में आवेदक, सिस्टम में जानकारी डालने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पटना से सटे मसौढ़ी अंचल कार्यालय आरटीपीएस की ओर से अजीबोगरीब कारनामा सामने आया है। आरटीपीएस काउंटर ने 24 जुलाई को एक जानवर की तस्वीर लगाकर उसका नाम और पता अंकित कर निवास प्रमाण पत्र निर्गत किया है। विभागीय लापरवाही और गैरस्तरीय कार्य को उजागर करने वाला निर्गत निवास प्रमाण पत्र संख्या बीआरसीसीओ 2025/ 15933581 में राजस्व पदाधिकारी मुरारी चौहान का डिजिटल हस्ताक्षर है। प्रमाण पत्र में डॉग बाबू, पिता कुत्ता बाबू, माता कुटिया देवी काउलीचक वार्ड 15 मसौढ़ी अंकित है। संबंधित प्रमाण पत्र मसौढ़ी में चर्चा का विषय बना तो विभागीय अधिकारियों की नींद खुली।
आनन-फानन में रविवार की शाम आरटीपीएस पोर्टल पर लोड जानवर का निवास प्रमाण रद्द कर राजस्व पदाधिकारी का डिजिटल हस्ताक्षर हटाया गया है। हालांकि सर्वर पर एक जानवर का निर्गत निवास प्रमाण पत्र की कैंसिल कॉपी अभी भी लोड है। इस मामले में मसौढ़ी के अंचलाधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद प्रमाणपत्र रद्द कर दिया गया है।
जिला प्रशासन ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि 24 जुलाई की तारीख वाला यह प्रमाणपत्र मामला सामने आते ही रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा, आवेदक, सिस्टम में जानकारी डालने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के खिलाफ स्थानीय पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मसौढ़ी के उप-मंडल अधिकारी को विस्तृत जांच करके 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है। दोषी अधिकारियों के ख़िलाफ़ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि मामला बहुत गंभीर है। इस मामले में दोषी कर्मियों और पदाधिकारी को निलंबित भी किया जाएगा। ताकि भविष्य में कोई ऐसी गलती करने का दुस्साहस नहीं करे।
क्या बोले सांसद पप्पू यादव
इस आवास प्रमाण पत्र को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सवाल उठाए हैं। सांसद पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, ‘कुत्ता दिखा रहा निवास प्रमाण पत्र, कोई प्रमाण पत्र न दे पाए इंसान…यह है मेरा भारत महान। क्या मुख्य चुनाव आयुक्त महोदय..कहां गांजा फूंक सोए हो जनाब? आधार नहीं कुत्ते ने लाया है आवासीय सर्टिफिकेट..क्या इसे अब मिलेगा वोट का अधिकार?’




साइन इन