Chief Secretary of bihar Pratyaya Amrit has fifteen thousand cash wife is more rich dgp vinay kumar has no cash बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास 15 हजार नगद, पत्नी ज्यादा अमीर; DGP विनय कुमार खाली हाथ, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास 15 हजार नगद, पत्नी ज्यादा अमीर; DGP विनय कुमार खाली हाथ

बिहार के डीजीपी विनय कुमार के हाथ में नकदी नहीं है। उनके बैंक खातों में 32.55 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास करीब 25 लाख रुपये का सोना, जबकि 1.15 लाख रुपये मूल्य की चांदी है। वाहन के नाम पर आई-10 कार है।

Wed, 1 April 2026 08:33 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास 15 हजार नगद, पत्नी ज्यादा अमीर; DGP विनय कुमार खाली हाथ

Bihar News: बिहार सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार (31 मार्च) की शाम राज्य सरकार के आलाधिकारियों ने अपनी-अपनी संपत्तियां घोषित कीं। इसमें खासबात यह है कि ज्यादातर साहबों से भारी मेम साहबों की जेब है। अधिकतर आईएएस-आईपीएस नकद रखने के मामले में कंजूस हैं, हालांकि बैंक खातों में सबकी अच्छी-खासी रकम है। राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के पास नकद के नाम पर कुछ मामूली राशि है तो डीजीपी विनय कुमार के पास नकदी के नाम पर एक रुपये नहीं है।

डीजीपी विनय कुमार के पास आई-टेन कार

डीजीपी विनय कुमार के हाथ में नकदी नहीं है। उनके बैंक खातों में 32.55 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास करीब 25 लाख रुपये का सोना, जबकि 1.15 लाख रुपये मूल्य की चांदी है। वाहन के नाम पर आई-10 कार है। कृषि और गैर कृषि भूमि के साथ ही नोएडा के आम्रपाली सैफायर में फ्लैट है। यह फ्लैट 44 लाख रुपये का ऋण लेकर खरीदा गया था, जिसे चुकता कर दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में अप्रैल में भी रहेगा बारिश का दौर, इस दिन वज्रपात और तेज हवाएं भी
ये भी पढ़ें:बिहार में सड़क पर उतरेंगे लड़ाकू विमान, 3 एक्सप्रेसवे-हाइवे पर इमरजेंसी लैंडिंग

प्रत्यय अमृत के पास मारुति एस्टीम, पत्नी उनसे धनी

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की पत्नी के पास उनसे अधिक संपत्ति है। मुख्य सचिव के हाथ में मात्र 15400 रुपये नगद हैं। बैंक में उनके पास लगभग साढ़े पांच लाख जमा हैं। म्यूचुअल फंड के रूप में 3.15 लाख हैं। एक काफी पुरानी मारुति एस्टीम गाड़ी भी उनके पास है। उनके पास महज 20 ग्राम सोना है। मुजफ्फरपुर में 1.2 कट्ठा 14 धुर जमीन है। इसमें भाई-बहनों का हिस्सा भी है। गुड़गांव में 1500 वर्गफीट का एक प्लैट है, जिसकी कीमत 16.79 लाख है। बैंक का 42 लाख ऋण भी उनके ऊपर है। पत्नी के हाथ में 10450 रुपये हैं। बैंक में 51 लाख, जबकि पीएफ खाते में 22 लाख हैं। पीपीएफ खाते में 3.15 करोड़ रुपये हैं। इनके पास 970 ग्राम सोना और तीन किलो चांदी है।

बी. राजेन्दर कृषि भूमि के मालिक

सामान्य प्रशासन और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर के पास तेलंगाना के अदिलाबाद जिला में 3.52 एकड़ कृषि भूमि है। अदिलाबाद में ही 1225 स्क्वायर फीट गैर कृषि भूमि है। 3600 स्क्वायर फीट व्यावसायिक और आवासीय जमीन है। साथ ही अदिलाबाद जिले के कोथा गांव में तीन हजार स्क्वायर फीट का मकान है। इनके पास ज्वेलरी या सोना नहीं है, जबकि इनकी पत्नी के पास 250 ग्राम सोना है। इनके पास नगद 10 हजार है। विभिन्न बैंकों में 21 लाख 8 हजार 476 रुपये हैं।

संतोष मल्ल का गोवा में 3.37 करोड़ का मकान

जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के पास 4900 नगद हैं, जबकि डॉक्टर पत्नी के पास नौ लाख रुपये हैं। बैंक में उनके पास दो खातों में 5.42 लाख और 79 हजार हैं, जबकि यूपी के कोऑपरेटिव बैंक में 2.25 लाख। म्यूचुअल फंड में 1.32 करोड़ हैं। इनके पास कोई वाहन नहीं है। इनके पास सिर्फ 47 चांदी के सिक्के हैं। इनकी पत्नी के पास 310 ग्राम सोना है। यूपी में 8.31 हेक्टेयर कृषि और गैर कृषि भूमि है। इन्होंने बैंक से ऋण लेकर गोवा में 3.37 करोड़ का मकान खरीदा है।

नगर विकास सचिव को सोनपुर में जमीन, पटना में फ्लैट

नगर विकास विभाग प्रधान सचिव विनय कुमार के पास 18 हजार और इनकी पत्नी के पास 65 हजार नगद है। इनके बेटे के पास 900 यूरो है। इनके पास बैंकों में 3.30 लाख जमा हैं। एनएसएस, एलआईसी आदि में 13.54 लाख जमा हैं। एक चारपहिया वाहन और 10 ग्राम स्वर्ण आभूषण है। इनकी पत्नी के पास 250 ग्राम स्वर्ण आभूषण है। सारण जिले के सोनपुर अंचल में एक करोड़ मूल्य की 54.75 डिसिमल कृषियोग्य भूमि है। पटना के आरा गार्डन में डेढ़ करोड़ मूल्य का फ्लैट है।

पंकज कुमार के पास पुराना स्कूटर, बैंकों में 96 लाख

ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार के पास वाहन के नाम पर एक स्कूटर है। वहीं, बैंकों में 96 लाख व पीपीएफ में 26 लाख जमा हैं। इन पर 67 लाख का लोन भी है। एक निर्माणाधीन मकान है, जिसकी कीमत 95 लाख है। इनके पास तीन लाख व पत्नी के पास 37 लाख के गहने हैं। पत्नी के नाम 30 लाख का एक फ्लैट भी है।

डॉ. एन. विजयलक्ष्मी की तीन राज्यों में है संपत्ति

योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी के पास नगद मात्र 15 हजार रुपये हैं। बैंक में इनका 11.33 लाख जमा हैं, जबकि फिक्स डिपॉजिट में 88 लाख हैं। इसके अलावा 13 लाख का गोल्ड बांड और 1250 ग्राम का आभूषण है। इनके पास पटना और तमिलनाडु में फ्लैट है, जबकि तेलंगाना में मकान है।

कुंदन कृष्णन : सोने के साथ कीमती पत्थर के शौकीन

डीजी (अभियान सह विशेष शाखा) कुंदन कृष्णन के हाथ में 40 हजार नकद, जबकि बैंक खातों में 47 लाख रुपये जमा है। 24.29 लाख का शेयर खरीदा है। म्यूचुअल फंड सहित एलआईसी आदि में निवेश है। खुद के पास वाहन नहीं, पर पत्नी के नाम पर स्विफ्ट डिजायर कार है। स्वयं, पत्नी व बच्चों के नाम पर कई स्वर्णाभूषण के साथ ही कीमती पत्थर है। नालंदा में कृषि भूमि के अतिरिक्त पटना के राजेंद्रनगर व लंगरटोली में पैतृक मकान है। गुरुग्राम में डॉक्टर पत्नी के साथ मिलकर पुरी डिप्लोमेटिक ग्रीन्स में थ्री बीएचके फ्लैट खरीदा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार: जाओ बेटी, हम नहीं बचेंगे;नालंदा के शीतला मंदिर में मौतों के बाद अब मातम
ये भी पढ़ें:बिहार : SDPO गौतम कुमार के शराब माफियाओं से संबंध, महिला मित्र के नाम जमीन भी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।