नीट छात्रा के भाई का मोबाइल पान की गुमटी में मिला, CBI ने की पूछताछ; मामा को भी बुलाया
सीबीआई की टीम को पान दुकानदार ने बताया कि 15 मिनट पहले छोटू नाम का लड़का मोबाइल रख गया है। मोबाइल मिलने के बाद सीबीआई की टीम फिर से शाम में 5.50 बजे पीड़िता के गांव पहुंची। वहां छात्रा के भाई से पूछताछ की।

नीट की तैयारी करने वाली छात्रा की पटना में हुई मौत की जांच कर रही सीबीआई मंगलवार को फिर जहानाबाद पहुंची। दो दिन पहले मृतका के माता- पिता से घटना के बाबत जानकारी ली थी। सीबीआई टीम अपराह्न 3.15 बजे छात्रा के गांव पहुंची। मृतका के भाई का मोबाइल लेने के लिए सीबीआई उसे पैतृक घर से लेकर मखदुमपुर गई। वहां नबावगंज मोड़ के पास एक पान की गुमटी में मोबाइल मिला।
सीबीआई की टीम को पान दुकानदार ने बताया कि 15 मिनट पहले छोटू नाम का लड़का मोबाइल रख गया है। मोबाइल मिलने के बाद सीबीआई की टीम फिर से शाम में 5.50 बजे पीड़िता के गांव पहुंची। वहां छात्रा के भाई से पूछताछ की। सीबीआई की टीम रात 8: 35 में निकल गयी। सीबीआई ने छात्रा के मामा को बुधवार को पटना स्थिति कार्यालय में जानकारी लेने के लिए बुलाया है।
सीबीआई की टीम अचानक जहानाबाद पहुंची थी। आते ही मृतका के भाई से उसका मोबाइल मांगा। दो दिन पहले हुई पूछताछ के दौरान सीबीआई टीम द्वारा फोन मांगने पर मृतका के भाई ने कहा कि मोबाइल को मखदुमपुर स्थित एक दुकान में मरम्मत करने के लिए दिया है। सीबीआई उसे लेकर मखदुमपुर गई और मोबाइल कब्जे में ले लिया।
जानकारों का कहना है कि सीबीआई मोबाइल के जरीये लोकेशन डाटा, कॉल रिकॉर्ड, एसएमएस चैट, ब्राउंजिंग हिस्ट्री, डिलिट डाटा रिकवरी कर सकती है, जो अनुसंधान के लिए जरूरी है। सीबीआई ने मृतका के भाई से भी घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। 27 दिसंबर 2025 को छात्रा शंभू गर्ल्स हॉस्टल से भाई के साथ ही गांव गई थी। उसके बाद से छात्रा अपने घर पर ही रही और पांच जनवरी 2026 को हॉस्टल लौटी।
42 लोगों से हो सकती है पूछताछ
सीबीआई मामले में 42 लोगों से पूछताछ कर सकती है। सीबीआई अब तक चार लोगों से पूछताछ कर चुकी है। चित्रगुप्तनगर थाने की एक महिला दारोगा से भी लंबी पूछताछ हुई थी। पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित एसआईटी भी 40 लोगों के डीएनए टेस्ट के लिए खून के नमूने लेने के लिए सूची तैयार की थी।
न मानोगे तो बेटी गई है, दो दिन में बेटा भी मरेगा
नीट छात्रा के परिजनों को मंगलवार को दूसरी बार पर्चा फेंककर धमकी दी गई। घर के किचेन की खिड़की से पर्चा फेंका हुआ मिला। पर्चा में लिखा था- न मानोगे तो बेटी गई है, दो दिन में बेटा भी मरेगा। धमकी भरा पर्चा मिलने के बाद छात्रा का पूरा परिवार दहशत में है। विदित हो कि शनिवार को छात्रा के पैतृक गांव स्थित घर में किसी ने धमकी भरा पर्चा फेंका था। हैरत कि बात है कि छात्रा के परिवार की सुरक्षा में शकूराबाद थाने की पुलिस और चौकीदार की ड्यूटी लगी हुई है।
पुलिस की मौजूदगी के बावजूद फिर पर्चा फेंका गया। हालांकि पर्चा मिलने के कुछ देर बाद ही सीबीआई की टीम भी पहुंच गयी थी। परिजनों ने स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सीबीआई के अधिकारी को भी पर्चा की जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि गांव के ही कोई व्यक्ति है जो ऐसा काम कर रहा है। करीब एक सप्ताह से छात्रा के घर पर एक एसआई, दो होमगार्ड व एक चौकीदार की ड्यूटी लगी है। शकूराबाद थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पर्चा को जब्त करते हुए पड़ताल की जा रही है।
पीड़ित परिवार को मिलेगी सुरक्षा
छात्रा के परिजनों ने हाल ही में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा धमकी दिए जाने की बात कही है। परिवार ने राज्य सरकार से सुरक्षा की गुहार लगायी है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्हें धमकी भरा पत्र भेजा गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना और जहानाबाद की पुलिस ने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया है। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा सुरक्षा को लेकर जो बातें कही गई हैं, उस पर जहानाबाद के अधिकारियों से बात हुई है।




साइन इन